पेड़ से टकराई बेकाबू कार, कुशीनगर में चार युवकों की मौत से मचा हड़कंप

इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

कसया-देवरिया मार्ग पर रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार देर रात कसया-देवरिया मार्ग पर हुआ। कार रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे पहुंची थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों को दुर्घटना की जानकारी हुई तो वे घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करने में जुट गए।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे कार संख्या UP 57 AW 9888 देवरिया की ओर जाने वाले मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार में कुल सात लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कसया पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने नितेश कुमार (22) और प्रदीप कुमार (23) को मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया.

इलाज के दौरान दो और युवकों की मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल अंकुर उर्फ आदित्य कन्नौजिया और गोलू उर्फ संजीव शर्मा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई. इस तरह दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई. वहीं, घायल अंकित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. दो अन्य घायलों का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

देवरिया जिले के रहने वाले थे कार सवार

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए युवक देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी थे. घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है. पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है. हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

Related Articles

Back to top button