विभाग की एक ही फर्म पर मेहरबानी: उन्नाव के कई ब्लॉकों में करोड़ों का भुगतान
उन्नाव जनपद के जिला पंचायती राज विभाग में बड़े वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जनपद के जिला पंचायती राज विभाग में बड़े वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है।
विभाग द्वारा एक ही फर्म को करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की सामग्री आपूर्ति का भुगतान किए जाने से घोटाले की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाबगंज, बिछिया, पुरवा, सुमेरपुर, हसनगंज और सिकंदपुर कर्ण ब्लॉकों में “जय बुढ़वा बाबा इंटरप्राइजेज” नामक फर्म को करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया। खास बात यह है कि उक्त फर्म असोहा ब्लॉक में रजिस्टर्ड है, बावजूद इसके अन्य कई ब्लॉकों में भी उसी फर्म को प्राथमिकता दी गई।
एक ही फर्म को इतनी बड़ी रकम दिए जाने पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव



