सड़क की बदहाली पर भड़के लोग, बोले- हादसा होने के बाद जागेंगे जिम्मेदार?
बिसौली शहर की शिव कॉलोनी में बदहाल रास्तों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिसौली शहर की शिव कॉलोनी में बदहाल रास्तों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कॉलोनी से मुख्य सड़क तक जाने वाला मार्ग जगह-जगह इतना खराब है कि बारिश के बाद पूरा रास्ता तालाब जैसा नजर आता है। पैदल राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल है, वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस भी कॉलोनी तक नहीं पहुंच पाती।
किसी मरीज को घर से मुख्य सड़क तक ले जाना हो तो परिजनों को उसे गोद में उठाकर पैदल ले जाने की मजबूरी सामने आती है। स्कूली बच्चों को भी रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब और फिसलन भरे रास्ते के कारण बच्चे अक्सर गिर जाते हैं।
चेयरमैन से मिलने पहुंचे लोग, जवाब के बजाय मिली मायूसी
समस्या से परेशान शिव कॉलोनी के लोग आज एकजुट होकर चेयरमैन साहब से बात करने पहुंचे। लोगों का कहना है कि वे रास्ते की बदहाली को लेकर जिम्मेदारों से स्पष्ट जवाब और समाधान चाहते हैं। लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक, चेयरमैन दवाई का बहाना बताकर वहां से चले गए। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
लोगों का कहना है कि फोटो खिंचवाने और मीठी-मीठी बातों से शिव कॉलोनी की सड़क नहीं सुधरेगी। जब रास्ता इतना खराब है कि मरीज को एम्बुलेंस के बजाय गोद में ले जाना पड़े और बच्चे स्कूल जाते समय गिरें, तो जिम्मेदारों को सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि मौके पर काम कराकर दिखाना चाहिए।
क्या किसी गंभीर मरीज के साथ कोई बड़ी घटना होने के बाद ही जिम्मेदार जागेंगे? क्या बच्चों के सुरक्षित आवागमन की जिम्मेदारी नगर पालिका की नहीं है? अब स्थानीय लोग नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि बदहाल मार्ग के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट:- संतुलित पाठक,बदायूं



