एसआईआर पर नजर रखें फर्जी वोटर्स न जुड़े: फोगाट

  • भाजपा सरकार पर पहलवान व कांग्रेस विधायक का करारा अटैक

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चंडीगढ़। एशियाई खेलों के चयन ट्रायल के बाद जुलाना पहुंचीं कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कई मुद्दों पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एसआईआर में फर्जी वोटर्स को रोकने की मांग की और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की तीखी आलोचना की हरियाणा में शुरू हो रहे एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा, हरियाणा में एसआईआर की शुरुआत हो रही है। इसमें इस बात का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए कि किसी भी फर्जी वोटर का नाम लिस्ट में शामिल न हो और जो असली वोटर्स हैं, उन्हें सूची से बाहर न किया जाए। अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी और गुटबाजी की खबरों पर विनेश फोगाट ने स्थिति साफ की।
उन्होंने कहा, पार्टी के अंदर ऐसी कोई नाराजगी नहीं है। कांग्रेस एक परिवार की तरह है। अगर हमारे अपने परिवार में कोई छोटी-मोटी नाराजगी होती भी है, तो हम उसे आपस में बैठकर सुलझा लेंगे। मैं क्षेत्र में सभी को साथ लेकर चल रही हूं और हर बात की जानकारी दे रही हूं। उन्होंने आगे कहा, इस समय कांग्रेस पार्टी का जोश बहुत हाई है। सभी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है और पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है कि हमें लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोडऩा है, न कि किसी एक व्यक्ति से। घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों पर विनेश फोगाट ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, गैस की कीमतें तीसरी बार बढ़ाई गई हैं और आने वाले समय में इनके और ज्यादा बढऩे की आशंका है। हमारे नेता राहुल गांधी पूरे देश के सामने महंगाई की यह बात लगातार रख रहे हैं और यह स्थिति अब सभी को साफ-साफ दिखाई दे रही है।

Related Articles

Back to top button