15 दिन में ही टूट गया गंगा पर बना पीपा पुल, वीडियो वायरल होते ही विधायक का PWD पर गुस्सा

मिर्जापुर में गंगा नदी पर बना पीपा पुल महज 15 दिन में ही क्षतिग्रस्त हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई और तुरंत पुल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

4pm न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में गंगा नदी पर बना एक पीपा पुल इन दिनों चर्चा का विषय बन गया है। वजह है कि जिस पुल का उद्घाटन कुछ ही दिन पहले हुआ था, वह अब क्षतिग्रस्त हो गया है। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है और अब इस मामले में सियासत भी तेज हो गई है।

15 दिन पहले हुआ था उद्घाटन, अब हो गया क्षतिग्रस्त

मामला मिर्जापुर जिले का है, जहां गंगा नदी पर बना पीपा पुल महज 15 दिन के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया। यह पुल हरसिंहपुर और विंध्याचल धाम को जोड़ता है और श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए काफी अहम माना जाता है। बताया जा रहा है कि 18 मार्च को नवरात्र से पहले मिर्जापुर नगर से बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने इस प्लाटून पुल का उद्घाटन किया था। लेकिन अब पुल का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर इसे पार कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

पुल के क्षतिग्रस्त होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

विधायक ने PWD अधिकारी को फोन पर लगाई फटकार

वीडियो वायरल होने के बाद विधायक रत्नाकर मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को फोन कर पुल को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पुल को आज ही हर हाल में ठीक कराया जाए, क्योंकि इसके खराब होने से लोगों में गलत संदेश जा रहा है। अधिकारियों ने जवाब दिया कि पानी कम होने के कारण मरम्मत में दिक्कत आ रही है, जिस पर विधायक ने क्रेन से काम कराने की बात कही।

सपा और बसपा पर भी साधा निशाना

पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को भी घेरा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में तीन बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद यहां स्थायी पुल नहीं बन पाया।

साथ ही उन्होंने बसपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में भी इस क्षेत्र के लिए कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

श्रद्धालुओं के लिए बनाया गया था पुल

यह पीपा पुल खास तौर पर विंध्याचल धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाया गया था। नवरात्र के समय यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में इस पुल का क्षतिग्रस्त होना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को पुल की मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इसे ठीक कर दिया जाएगा ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

रिपोर्टर- संतोष देव गिरि, मिर्जापुर

यह भी पढ़ें: कानपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; लूट की नकदी और हथियार बरामद

Related Articles

Back to top button