खेल मैदान बचाने की मांग, खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी को दिया शिकायत पत्र

खिलाड़ियों का कहना है कि यह मैदान जनपद के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में खिलाड़ियों ने आज जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपकर राइफल क्लब खेल मैदान में प्रस्तावित निजी प्रदर्शनी की अनुमति रद्द करने की मांग की है।

खिलाड़ियों का कहना है कि यह मैदान जनपद के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रीष्मकाल में बोर्ड परीक्षाओं के बाद यहां समर कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनमें हॉकी, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट और फुटबॉल जैसे विभिन्न खेलों का अभ्यास कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह मैदान खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कॉलेज और आवासीय हॉस्टलों में प्रवेश के लिए ट्रायल देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में भी मदद करता है। इसके अलावा भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी इसी मैदान का उपयोग किया जाता है।

खिलाड़ियों ने जनहित और युवा पीढ़ी की भावनाओं का हवाला देते हुए कहा कि खेल मैदान में किसी भी निजी प्रदर्शनी को अनुमति देना उचित नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से राइफल क्लब खेल मैदान को सुरक्षित रखने और उसके आकार व स्वरूप को यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।

रिपोर्ट- इकबाल, बांदा

Related Articles

Back to top button