बांदा में फर्जी ARTO बनकर कर रहे थे वसूली, पुलिस ने ऐसे दबोचा पूरा गैंग
बांदा में खुद को ARTO अधिकारी बताकर बालू लदे रिक्शों से अवैध वसूली करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद कार्रवाई हुई, पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने खुद को एआरटीओ (ARTO) अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर बालू से लदे रिक्शों को रोककर प्रत्येक वाहन से 500 रुपये की वसूली करने का आरोप है। आरोपियों के कब्जे से एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
रिक्शा चालकों को हुआ शक, UP-112 पर दी सूचना
जानकारी के अनुसार, बालू लदे रिक्शा चालकों से लगातार वसूली की जा रही थी। आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर चालकों ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कृषि विश्वविद्यालय बाईपास के पास पहुंचकर चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
चार पहिया वाहन के साथ पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों को एक चार पहिया वाहन सहित हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कब से इस तरह लोगों को अपना शिकार बना रहे थे और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: परिवार गहरी नींद में सोता रहा, चोर लाखों के जेवर समेटकर हो गए फरार



