आतिशी वीडियो विवाद में दिल्ली में सियासी संग्राम

  • विधानसभा ने पंजाब के डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों से मांगा जवाब

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी के खिलाफ दर्ज एक प्राथमिकी के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। समिति ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को राज्य पुलिस अधिकारियों के आचरण को लेकर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश जारी किया है। समिति ने इस मामले में पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जवाब मांगा है।
इससे एक दिन पहले दिल्ली विधानसभा ने इस मामले में पंजाब के डीजीपी और पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के खिलाफ विशेषाधिकार जांच शुरू करने का निर्णय लिया था। मामला छह जनवरी को दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सिख गुरु तेग बहादुर के बारे में आतिशी की कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है। पंजाब पुलिस ने भाजपा नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए घटना के कथित वीडियो के आधार पर जालंधर में प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं आप का कहना है सत्र के भीतर की कार्यवाही सदन के नियमों के अधीन होती है और बाहरी पुलिस का इसमें हस्तक्षेप गलत है भाजपा बोली धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना अपराध है और पुलिस अपनी कानूनी जिम्मेदारी निभा रही है । इससं पहले विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने पंजाब पुलिस की गई कार्रवाई से जुड़े मामले को विस्तृत जांच और रिपोर्ट के लिए विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को सौंप दिया।

राजनीतिक टकराव जारी

यह मामला केवल कानूनी नहीं बल्कि राजनीतिक रंग भी ले चुका है। दिल्ली विधानसभा की समिति का मानना है कि सदन के भीतर दिए गए भाषणों और कार्यवाही के लिए किसी सदस्य के खिलाफ बाहरी पुलिस कार्रवाई करना संसदीय विशेषाधिकारों का हनन हो सकता है।

Related Articles

Back to top button