युवा संवाद : युवाओं को डॉ. अवधेश का बड़ा संदेश, बोले- यही सोच भारत को बना सकती है महान
गोरखपुर में युवा संवाद कार्यक्रम में डॉ. अवधेश ने युवाओं से सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: युवाओं के भीतर ऊर्जा और प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उसे सही दिशा देने की। इसी संदेश के साथ सरस्वती विद्या मंदिर, आर्य नगर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक प्रमुख डॉ. अवधेश ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सकारात्मक सोच को बताया युवाओं की ताकत
डॉ. अवधेश ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और संस्कारों के जरिए युवा चुनौतियों को अवसर में बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।
उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल रचनात्मक कार्यों, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान प्रमुख शिवजी सिंह ने की।
महिला कॉलेज में छात्राओं से हुआ संवाद
सरस्वती विद्या मंदिर महिला पीजी कॉलेज में भी युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता प्रांत बौद्धिक प्रमुख डॉ. अरविंद सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
उन्होंने युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रीना त्रिपाठी ने की।
इंटर कॉलेज के छात्रों को भी किया प्रेरित
सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित संवाद में गोरखपुर विभाग के विभाग कार्यवाह डॉ. संजय श्रीवास्तव ने छात्रों से बातचीत की। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विष्णु सिंह ने की। इस दौरान सायं प्रचारक संजीव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीमा पर जब जवानों की कलाई पर सजी राखी, भावुक हो गया पूरा माहौल



