सीमा पर जब जवानों की कलाई पर सजी राखी, भावुक हो गया पूरा माहौल

सोनौली सीमा पर डॉ. सत्या पांडेय ने एसएसबी, पुलिस और नेपाल पुलिस के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। जवानों की कलाई पर राखी बांधकर देशसेवा के प्रति सम्मान जताया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीमा पर तैनात जवानों के लिए रक्षाबंधन का त्योहार उस वक्त भावुक हो उठा, जब गोरखपुर की पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय सोनौली बॉर्डर पहुंचीं। उन्होंने एसएसबी, पुलिस और नेपाल पुलिस के जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनके प्रति सम्मान जताया। इस दौरान देश की सुरक्षा के लिए जवानों के समर्पण को याद किया गया।

एसएसबी और पुलिस जवानों को बांधी राखी

बुधवार दोपहर सोनौली सीमा पहुंचीं डॉ. सत्या पांडेय ने एसएसबी के सहायक कमांडेंट संदीप सिंह, इंस्पेक्टर विशाल कुमार समेत अन्य जवानों की आरती उतारी और राखी बांधी। इसके बाद उन्होंने नेपाल के अधिकारियों के साथ एसएसबी और पुलिसकर्मियों को भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

डॉ. सत्या पांडेय के अनुसार, वह हर वर्ष सोनौली सीमा पर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाती हैं। उनका कहना है कि परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे जवानों को अपनत्व का अहसास कराना इस आयोजन का उद्देश्य है।

जवानों की आंखें हुईं नम

कार्यक्रम में सरस्वती विद्यालय सोनौली की छात्राओं ने भी जवानों की कलाई पर राखी बांधी। बहनों से राखी बंधवाते समय कई जवान भावुक नजर आए। सीमा पर भाई-बहन के स्नेह और देशभक्ति का यह संगम मौजूद लोगों के लिए भावुक पल बन गया।

डॉ. सत्या पांडेय ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात सीमा की निगरानी करते हैं। उनके साथ त्योहार मनाना उनके लिए गर्व की बात है।

देश की सुरक्षा के लिए जवानों को सलाम

रक्षाबंधन के इस आयोजन में एसएसबी, पुलिस और नेपाल पुलिस के अधिकारियों व जवानों की मौजूदगी रही। सरस्वती विद्यालय और शिशु मंदिर से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में छात्राएं भी कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।

सीमा पर मनाया गया यह रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जवानों के प्रति सम्मान, भाईचारे और देशसेवा के भाव का प्रतीक बन गया।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: 60 पार महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! अब बस में सफर के लिए नहीं देना होगा किराया

Related Articles

Back to top button