सीतापुर में आलू लदा ट्रक खाई में पलटा, 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बचाया गया

सीतापुर के सिधौली-मिश्रीख मार्ग पर आलू से लदा ट्रक खाई में पलट गया। चालक और खलासी गंभीर घायल हुए। तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को केबिन काटकर सुरक्षित निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सीतापुर के सिधौली-मिश्रीख मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आलू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और दमकल विभाग को करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

केबिन काटकर सुरक्षित निकाला गया चालक

हादसा सिधौली कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाड़ी स्थित हमारा पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। रेस्क्यू टीम ने ट्रक की बॉडी काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस और दमकल विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर राहत कार्य को अंजाम दिया।

घायलों को अस्पताल भेजा गया, पुलिस कर रही जांच

रेस्क्यू के बाद चालक और खलासी को प्राथमिक उपचार दिया गया। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीतापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: बांदा में हिस्ट्रीशीटर की हत्या से सनसनी, शराब पार्टी के बाद विवाद में वारदात की आशंका

Related Articles

Back to top button