गोरखपुर जिला अस्पताल में लगेंगे नए CCTV कैमरे, डीएम ने मौके पर लिया बड़ा फैसला
गोरखपुर जिला अस्पताल में बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। डीएम दीपक मीणा ने निरीक्षण कर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में जुट गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अस्पताल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर निगरानी की कमी पाई गई, वहां अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
ओपीडी, वार्ड और सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के ओपीडी, वार्ड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों, अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर मौजूदा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
गौरतलब है कि 28 जुलाई की रात जिला अस्पताल परिसर से एक 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। इस मामले में आरोपी सिपाही को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक मीणा ने कहा कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पहले से मौजूद है, लेकिन कुछ स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता महसूस हुई है। इन कमियों को दूर करने के लिए जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में आलू लदा ट्रक खाई में पलटा, 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बचाया गया



