24 फसलों पर एमएसपी का वादा, मंडी में न बाजरा बिक रहा न धान : अजय चौटाला

- जेजेपी नेता ने भाजपा सरकार को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भिवानी (हरियाणा)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि सरकार 24 फसलों पर एमएसपी देने का वादा करती है लेकिन मंडियों में न बाजरा बिक रहा है और न धान। उन्होंने बढ़ते अपराध, खाद की किल्लत और खिलाडय़िों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। डॉ. अजय चौटाला भिवानी में अपने परिचित पूर्व पार्षद भरपूर सांई के बेटे और लॉन टेनिस के नेशनल खिलाड़ी रोहित के निधन पर शोक जताने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकार है ही नहीं, फिलहाल सरकार सिंगापुर में है और आते ही पंजाब चली जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। पूरे प्रदेश का किसान परेशान है और खाद की पर्ची थानों में मिल रही है। चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि ईसी, ईडी, सीबीआई और आईटी सभी एजेंसियां सरकार की पैरोल पर काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को लूटकर कार्यालयों के नाम पर सेवन स्टार होटल बना रही है।



