पंजाब की नजरें जीत की हैट्रिक पर

- दो हार के बाद केकेआर कर सकती है टीम में बदलाव
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए आईपीएल 2026 का सीजन अच्छा नहीं रहा है और टीम ने लगातार दो मैच गंवाए हैं। केकेआर की टीम गेंदबाजों की चोट से जूझ रही है, लेकिन टीम की असली समस्या खराब रणनीति है। केकेआर की टीम कागजों में मजबूत नजर आ रही है, लेकिन उसकी रणनीति कारगार नहीं रही है जिस कारण टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। केकेआर का सामना अब पंजाब किंग्स से है जिसने अपने शुरुआत दोनों मुकाबले जीते हैं। पंजाब की कप्तानी उसी श्रेयस अय्यर के पास है जिन्होंने केकेआर को 2024 में अपनी कप्तानी में खिताब दिलाया था।
टी20 में खराब फॉर्म में होने के बावजूद कप्तान के तौर पर लाए गए अजिंक्य रहाणे ने सबसे अधिक रन बनाकर कुछ हद तक आलोचकों को चुप करा दिया लेकिन चंद्रकांत पंडित की जगह अभिषेक नायर को मुख्य कोच बनाने जैसे टीम के फैसलों पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं अय्यर की अगुआई में पंजाब ने अब तक अपने दोनों मैच जीते हैं। और आज उनकी नजरें जीत की हैट्र्रिक पर होंगी। युवा कूपर कोनोली ने दो मैच में 108 रन बनाकर तीसरे नंबर पर प्रभावित किया है, जबकि प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने टीम को अच्छी शुरुआत दी है। अय्यर ने बीच के ओवरों में भरोसे के साथ बल्लेेबाजी की है। अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन और विजयकुमार विशाख की मौजूदगी में गेंदबाजी इकाई संतुलित लग रही है, जबकि अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल आक्रमण को मजबूत करते हैं। केकेआर की उलझी हुई रणनीति टीम संयोजन में साफ नजर आती है। न्यूजीलैंड के तीन शीर्ष खिलाडिय़ों फिन एलेन, टिम सीफर्ट और रचिन रवींद्र के टीम में होने के बावजूद नाइट राइडर्स की टीम उनका सही इस्तेमाल करने में नाकाम रही है।
पंत ने कप्तानी पारी खेलकर लखनऊ को चखाया जीत का स्वाद
हैदराबाद। कप्तान ऋ षभ पंत की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 156 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ ने पंत के नाबाद 68 रनों के दम पर 19.5 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीता। लखनऊ ने इस तरह इस सीजन का अपना पहला मैच जीता, जबकि तीन मैचों में सनराइजर्स की यह दूसरी हार है। हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ का रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उसने इस टीम के खिलाफ पिछले सात में से पांच मुकाबले जीते हैं। इसमें से हैदराबाद में टीम ने चार में से तीन मैच अपने नाम किए हैं। लखनऊ अगर ये मुकाबला अपने नाम करने में सफल रहा तो इसका श्रेय पूरी तरह पंत को जाता है।



