कानपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल: दबंगों की दबंगई CCTV में कैद

दबंगों की इस हरकत से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पूरी घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर शहर में दबंगों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अनवरगंज थाना क्षेत्र की बांस मंडी चौकी इलाके से सामने आया है, जहां आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने एक युवक के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।

दबंगों की इस हरकत से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पूरी घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, बांस मंडी चौकी क्षेत्र में रहने वाला युवक अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक दबंग वहां पहुंचे और युवक के साथ कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग जबरन घर के अंदर घुस गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान घर में मौजूद परिवार के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित युवक किसी तरह मौके से निकलकर स्थानीय चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। लेकिन आरोप है कि चौकी में शिकायत किए जाने की सूचना मिलते ही दबंग और ज्यादा आग बबूला हो गए। शिकायत से नाराज दबंग दोबारा युवक के घर पहुंचे और घर के बाहर जमकर पथराव किया। अचानक हुए पथराव से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घटना के बाद पीड़ित युवक लगातार थाना और चौकी के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़ित का आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं आरोपी खुलेआम इलाके में घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

मारपीट और पथराव की पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक घर के बाहर हंगामा करते और हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में दबंगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती न होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल CCTV फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button