OBC मुद्दे पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, मोदी सरकार पर जमकर बरसे
ओबीसी कांग्रेस के करीब 300 जिला अध्यक्षों के साथ बैठक में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर Gen-Z की राह पर ओबीसी समाज भी आंदोलन पर उतर आए तो सरकार का क्या होगा?

4पीएम न्यूज नेटवर्क: ओबीसी कांग्रेस के करीब 300 जिला अध्यक्षों के साथ बैठक में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर Gen-Z की राह पर ओबीसी समाज भी आंदोलन पर उतर आए तो सरकार का क्या होगा?
ओबीसी कांग्रेस के एक कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि Gen-Z की राह पर ओबीसी निकल पड़े तो? उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार पहले जाति जनगणना नहीं कराना चाहती थी और जब हम उसकी मांग कर रहे थे, मांग करने वाले लोगों को पीएम मोदी ने अर्बन नक्सल बताया था.
बाद में ओबीसी की संख्या और प्रेशर में सरकार मानी तो सही, लेकिन जाति जनगणना को वो सही तरीके से नहीं करा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने जैसे एससी (SC) और एसटी (ST) का कॉलम रखा है, वैसे ओबीसी (OBC) का नहीं रखा है.
राहुल गांधी ने हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले छात्रों के मसले पर Gen-Z के आंदोलन में लोग सड़कों पर आए और सरकार को झुकना पड़ा, लेकिन उससे कहीं ज्यादा आबादी ओबीसी समाज की है. अगर वो सड़क पर आ गए तो? मोदी सरकार को झुकना ही पड़ेगा.
क्या बोले कांग्रेस ओबीसी कांग्रेस के अध्यक्ष?
राहुल के इस बयान पर कांग्रेस ओबीसी कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने कहा कि राहुल गांधी ने ओबीसी की भावनाओं को व्यक्त किया है. वहीं, शरद यादव की बेटी और कांग्रेस सचिव सुहासिनी यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने मोदी सरकार की एंटी ओबीसी नीयत और मंशा को पकड़ा है, इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन होगा.
बैठक में OBC कांग्रेस के 300 जिला अध्यक्ष शामिल
दरअसल, राहुल गांधी ने मंगलवार को ओबीसी कांग्रेस के 7 राज्यों के करीब 300 जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की. इसमें दिल्ली से लेकर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष शामिल हुए.
इस दौरान राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 अगस्त के भाषण में प्रधानमंत्री मोदी डरे हुए नजर आ रहे थे, उनकी जुबान लड़खड़ा रही थी. उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी जाने वाले हैं, अब उनके पास गिनती के दिन बचे हैं.



