राजीव गांधी की सौम्यता ने छू लिया था दिल: सोनिया गांधी

कांग्रेस सांसद ने याद की पूर्व पीएम से पहली मुलाकात की यादें

  • ‘एक्स’ पर किया अपनी आगामी आत्मकथा से जुड़ा वीडियो साझा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत पति एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए शनिवार को कहा कि राजीव बेहद सौम्य और आकर्षक थे तथा उनकी सौम्यता ने उन्हें पहली मुलाकात में ही प्रभावित कर दिया था। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी आगामी आत्मकथा से जुड़ा एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद किया।
इंस्टाग्राम के बाद सोनिया गांधी अब ‘एक्स’ पर भी आ गई हैं और यह इस मंच पर उनकी पहली पोस्ट है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कैम्ब्रिज के एक छोटे से यूनानी रेस्तरां में मेरी प्रेम यात्रा शुरू हुई।’’ सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘राजीव और मैंने प्रेम, खुशी और यादों से भरी अपनी एक दुनिया बनाई। मैं 10 नवंबर को उस दुनिया को आप सबके साथ साझा करूंगी।’’ उनकी आत्मकथा ‘‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। वीडियो में सोनिया गांधी ने इंग्लैंड में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय वहां का खाना उन्हें पसंद नहीं था और आज की तरह इतने अधिक रेस्तरां भी नहीं हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि वह लगातार ऐसे रेस्तरां की तलाश में रहती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का, खासकर इतालवी खाना मिल सके। उन्होंने अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए यह भी कहा कि उनके और राजीव गांधी के एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था। सोनिया गांधी ने कहा कि इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने तथा विभिन्न जगहों पर घूमने लगे। उन्होंने उस समय की एक ‘वैलेंटाइन पार्टी’ का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। सोनिया ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व के बारे में कहा, ‘‘वह बेहद सौम्य दिखने वाले व्यक्ति थे।
बेशक, वह बहुत आकर्षक थे लेकिन उनकी सौम्यता साफ झलकती थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी बात थी जिसने मेरे दिल को वास्तव में छुआ और मुझे प्रभावित किया।’’ सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात के उन पलों को वह कभी नहीं भूल सकतीं।

यूनानी रेस्तरां में हुई थी मुलाकात

सोनिया गांधी ने कहा कि इसी तलाश के दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में एक यूनानी रेस्तरां मिला, जहां कई छात्र भोजन करने आया करते थे। उन्होंने कहा कि वहां यूरोपीय छात्रों के अलावा बड़ी संख्या में भारतीय छात्र भी आते थे और इसी रेस्तरां में उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘जब मैं उनसे पहली बार मिली तो मुझे उसी समय महसूस हुआ कि वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ मैं जिंदगी गुजारना चाहूंगी। बाद में मुझे पता चला कि उनकी भी मेरे प्रति यही भावना थी।’

यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों में कांग्रेस वॉर रूम चेयरमैन बनाए गए

  • उप्र में सचिन यादव को मिली जिम्मेदारी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए देश के 5 राज्यों में चुनावी वॉर रूम के अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। पार्टी अध्यक्ष खरगे ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। पार्टी की तरफ से जारी लिस्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में अलग-अलग नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में सचिन यादव को चुनावी वॉर रूम का अध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब में पूर्व आईएएस अधिकारी कन्नन गोपीनाथन को यह जिम्मेदारी दी गई है। गोवा में इमरोज खान, मणिपुर में बिस्वरंजन मोहंती और उत्तराखंड में कृष्ण सतरौड़ को वॉर रूम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
चुनावी वॉर रूम का काम चुनाव से जुड़ी तैयारियों को मैनेज करना होता है। इसके जरिए पार्टी प्रचार की प्लानिंग तैयार करती है, अलग-अलग नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बनाने का काम करती है। इसके अलावा चुनाव से जुड़ी जानकारी पर हर तरह से नजर रखती है। इन नियुक्तियों की मदद से कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड राज्यों में अपनी चुनावी तैयारियों और संगठन के काम को बेहतर तरीके से चलाना चाहती है। कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह से कमर कस रही है। वे एक भी ऐसा मौका नहीं चूकना चाहती है, जिसे उन्हें किसी भी तरह का नुकसान हो।

महारैली स्थगित करें नेता प्रतिपक्ष

  • कारोबारियों का राहुल को पत्र, कहा- त्योहार का सीजन है, व्यापार प्रभावित होगा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली । दिल्ली में त्योहारों के दौरान कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने की अपील की है। सीटीआई की ओर से लिखे पत्र में कहा गया है कि दिल्ली के व्यापारी इन दिनों दिवाली की खरीदारी और बिक्री के व्यस्त सीजन में हैं। ऐसे में रैली के कारण यातायात प्रभावित होने से व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।
सीटीआई के अनुसार, धनतेरस, दिवाली और भाई दूज के आसपास दिल्ली के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयों और अन्य सामान की बिक्री बढ़ जाती है। त्योहारों से पहले बाजारों में ग्राहकों की भीड़ के साथ माल की आवाजाही भी तेज हो जाती है। संगठन का कहना है कि रैलियों, मार्च और रास्ते बंद होने से पहले भी दिल्ली के कई इलाकों में व्यापार प्रभावित हुआ है। ऐसे में त्योहारों के दौरान यातायात बाधित होने से थोक और खुदरा कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अक्टूबर में हुए नुकसान की भी बात कही

पत्र में अक्तूबर में पहले ही 3 हजार करोड़ के हुए नुकसान की बात की गई। पत्र में लिखा, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और सेंट्रल दिल्ली में लगातार रैलियों, मार्च और रास्ते बंद होने के कारण सीटीआई के आंकलन के अनुसार दिल्ली के व्यापारियों को पहले ही लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। थोक बाजारों में बाहर से माल आना बंद हो गया था और रिटेल में ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे थे।

1 नवंबर की रैली को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

  • सहयोगी दल भी इस फैसले से असंतुष्ट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी इसी तारीख पर रैली करने की जिद क्यों कर रहे हैं, जबकि 1 नवंबर का दिन 1984 के सिख नरसंहार की यादों से जुड़ा है। प्रसाद ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन के कई सहयोगी दल भी इस फैसले से संतुष्ट नहीं थे।
रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि इस दिन रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने का फैसला सिख समुदाय की भावनाओं को आहत कर सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्षी गठबंधन के कई सहयोगी दल भी रैली की तारीख से सहमत नहीं थे और इसे आगे बढ़ाने का सुझाव दे चुके थे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी 1 नवंबर को ही दिल्ली में रैली करने पर क्यों अड़े हैं। भाजपा नेता के मुताबिक, 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय के लिए भावनात्मक रूप से बेहद संवेदनशील है, क्योंकि इस दिन 1984 के सिख नरसंहार को गहरे दुख के साथ याद किया जाता है।
उन्होंने कहा, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ा आयोजन करके राहुल गांधी सिख समुदाय के जख्मों पर किस तरह नमक छिडक़ना चाहते हैं?

दिल्ली के सरकारी स्कूल में 12वीं की छात्रा ने आग लगाकर की खुदकुशी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नईदिल्ली। कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय स्कूल में शनिवार को 12वीं कक्षा की छात्रा ने आग लगाकर खुदकुशी कर ली। स्कूल के सुरक्षा गार्ड के कमरे के बाहर वारदात को अंजाम दिया। आशंका है कि छात्रा ज्वलनशील पदार्थ बैग में रखकर स्कूल गई थी। परिवारिक विवाद व स्कूल में किसी तरह के किसी विवाद के चलते यह कदम उठाया इसकी जांच पुलिस कर रही है।
25 अक्टूबर को छात्रा की जन्मतिथि थी। जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि स्कूल में गार्ड के कमरे के पीछे 18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में मिली। डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद हुई है।

दुखद शनिवार: राजस्थान से लेकर बिहार तक हादसे

  • चूरू में ट्रक की भिड़ंत में छह की मौत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चूरू। देश के कई राज्यों में हादसों से कई लोगों की जान चली गई। राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण सडक़ हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा दरदेवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के तारानगर क्षेत्र के सोमनसीसर गांव का एक परिवार गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने जा रहा था।
शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सादुलपुर क्षेत्र में दरदेवा गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के समय जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

सिवान : मकान में रखे पटाखों में धमाके से पांच काल केगाल में समाए

बिहार के सिवान जिले में एक मकान में रखे पटाखों में विस्फोट होने के कारण मरने वालों की संख्या दो और लोगों की मौत के बाद बढक़र पांच हो गई है, मरने वालों में दो नाबालिग हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने कहा, घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। फिलहाल कोई भी घायल व्यक्ति अस्पताल में भर्ती नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोगों को मामूली चोट आई थीं, लेकिन उन्होंने पुलिस या संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी नहीं दी है। हम घटना में घायल हुए किसी भी व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। मृतकों की पहचान अमरुद्दीन अहमद (70), मुस्कल सिद्दीकी (20), खुशबू सिद्दीकी (10), अरशद सिद्दीकी (8) और राज कुमार उर्फ भोला (35) के रूप में हुई है।

आंध्र प्रदेश में डंपर में डीजल भरते समय लगी आग, पांच मजदूरों की गई जान

आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में सडक़ निर्माण स्थल पर आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। यह घटना संभवत: एक डंपर ट्रक में ईंधन भरते समय हुई। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी। पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि यह घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में हुई। चूंकि यह जगह मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर है, इसलिए यहां काम करने वाले मजदूर अक्सर वाहनों में ईंधन भरने के लिए ड्रमों में डीजल लाते हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ट्रक की टंकी में ईंधन भरते समय मजदूरों ने पूरी सावधानी न बरती हो, और किसी चिंगारी की वजह से आग लग गई हो। बरदार ने बताया, यह कोई विस्फोट नहीं था। मैं इसे एक दुर्घटनात्मक आग कहूंगा। अभी तक हमने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई है, जबकि घटना की जांच के लिए एक और टीम के जल्द ही वहां पहुंचने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button