राम मंदिर चढ़ावा विवाद: संघ-भाजपा पर प्रहार जारी
गहलोत बोले- बीजेपी और आरएसएस को ले डूबेगा चंदा चोरी का मामला

- कांग्रेस, सपा व आप के बाद बीजेपी के कुछ नेता भी नाराज
- उद्घाटन से पहले ही गड़बड़ी शुरू कर दी गई थी
- राजस्थान के पत्थरों से बना है राम मंदिर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा विवाद में भाजपा पर चारों ओर से हमला अब भी जारी है। सपा,आप से लेकर कांग्रेस तक हमलावर हैं। यही भाजपा के कुछ नेता भी इससे नाराज हैं। राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के मुताबिक, चंदा चोरी की घटना को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। हर किसी की आस्था भगवान राम में है। इस वजह से हर राम भक्त गुस्से में है। अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि चंदा चोरी का मामला बीजेपी और संघ को ले डूबेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आएसएस) और मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
पहले मंदिर का चंदा चोरी किया गया और अब चोरी के बाद सीनाजोरी की जा रही है, मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने ये बयान दिया है। उन्होंने कहा, अयोध्या के राम मंदिर का निर्माण राजस्थान के पत्थर से हुआ था। चंपत राय जिन पर आज आरोप लगे हैं, वो तब भी गैर कानूनी तरीके राजस्थान से पत्थर लेकर जा रहे थे, वो मुझसे मिलने आए थे, तब मैंने उन्हें कहा था कि आप गैर कानूनी पत्थर से मंदिर निर्माण क्यों करोगे। मंदिर निर्माण में पवित्र पत्थर का इस्तेमाल होना चाहिए. मैंने चंपत राय को बुलाकर समझाया, सारी प्रक्रिया का पालन कराया और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए वैध तरीके से पत्थरों को राजस्थान से अयोध्या भिजवाया था। गहलोत ने आगे कहा कि उन्होंने हमें आज तक क्रेडिट नहीं दिया, हमें उम्मीद थी कि मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में हमें और हमारी कैबिनेट के मंत्रियों को भी बुलाया जाएगा क्योंकि पत्थर हमने ही वैध तरीके से भेजे जाने का रास्ता साफ किया था। पवित्र मंदिर का निर्माण हमारे पत्थरों से किया गया, लेकिन हमें वहां नहीं बुलाया गया, मंदिर का निर्माण पवित्र काम होता है और उसमें चंदा चोरी की घटना निंदनीय है, उद्घाटन से पहले ही गड़बड़ी शुरू कर दी गई थी।
जो कल क्रेडिट ले रहे थे वो आज चुप हैं
अशोक गहलोत के मुताबिक, चंदा चोरी की घटना को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। हर किसी की आस्था भगवान राम में है। इस वजह से हर राम भक्त गुस्से में है। राम मंदिर पर राजनीतिक रोटियां सेकते हुए जो लोग पूरा क्रेडिट ले रहे थे, आज वो चुप्पी साधे हुए हैं. सियासत की वजह से ही तमाम धर्मगुरु लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे, अशोक गहलोत ने दावा किया कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर हमारी वजह से बना है।
ट्रस्ट कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी से हो सकती है पूछताछ
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में नया अपडेट यह है कि जांच एजेंसियां जल्द ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी का बयान दर्ज कर सकती हैं। जांच/पूछताछ का फोकस इस बात पर रहेगा कि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष के रूप में दानराशि के प्रबंधन, वित्तीय निगरानी और जवाबदेही के संबंध में उनकी क्या भूमिका रही और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस प्रकार किया।
जिसने राम मंदिर से चोरी की उसे कैंसर हो जाएगा : अनिल कुमार
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच भाजपा के पुरवा विधायक अनिल कुमार सिंह ने बड़ा बयान दिया है। भाजपा विधायक ने चंदे और चढ़ावे में गबन करने वालों को खरी-खरी सुनाई और कहा कि जिसने भी मंदिर से चोरी की होगी, उसे एक साल के अंदर ही सीधा कैंसर हो जाएगा। खुद भगवान की तरफ से उसे मौत की सजा सुनाई जाएगी। अनिल सिंह ने यह भी कहा, चोरों को हम नहीं रोक सकते, घर से जेवर चुराकर ले जाने वाले भी हमारे परिवार के ही लोग होते हैं। वहीं, विधायक ने यह भी कहा कि चोरी का दोषी पाए जाने पर बीजेपी की सरकार ऐसा दंड देगी कि उनकी पुश्तें याद रखेंगी। मंदिर में चोरी करने का अंजाम उन्हें भुगतना पड़ेगा। ऐसा अंजाम होगा कि इतिहास में उनके बच्चे और परिवार के लोग भी याद करेंगे। प्रभु राम तो ऐसा दंड देंगे कि कुढ़-कुढ़ के मरोग। इसी के साथ, बीजेपी विधायक अनिल सिंह ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा, सपा के लोग चुट्टे चोर हैं. जमीन हड़प लेना, राशन बेच देना, गरीबों का हक छीन लेना, गरीबों का अनाज छीन लेना, यही सब काम करते हैं. अखिलेश यादव के घर में सीबीआई जांच चल रही है। मुलायम सिंह पर सीबीआई जांच चल रही है.उन्होंने आगे कहा,आज राम का नाम लेने के लिए अखिलेश यादव भी मजबूर हो गए हैं, बिना राम नाम के उनका काम नहीं चल रहा है।



