रिंकू सिंह बने केकेआर के उपकप्तान

- आईपीएल से पहले टीम प्रबंधन ने लिया बड़ा फैसला रहाणे बने रहेंगे कप्तान
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। तीन बार की चैंपियन केकेआर ने आईपीएल 2026 का सीजन शुरू होने से पहले बड़ा फैसला लिया है। टीम प्रबंधन ने विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को उपकप्तान नियुक्त किया है और यह स्पष्ट किया है कि अजिंक्य रहाणे कप्तान बने रहेंगे। रिंकू को उपकप्तान बनाने का फैसला यह संकेत दे रहा है कि फ्रेंचाइजी नेतृत्व को लेकर दीर्घकालिक प्लान पर आगे बढ़ चुकी है। आईपीएल के आगामी सीजन से पहले केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, रिंकू उपकप्तान के तौर पर कप्तान रहाणे के साथ मिलकर करीब से काम करेंगे।
टीम के नए मुख्य कोच अभिषेक नायर ने भी इस फैसले का समर्थन किया। नायर ने कहा, पिछले कई वर्षों से पहले मैंने उन्हें लीडर के तौर पर विकसित होते हुए देखा है। वह ऐसे हैं जिन पर टीम की हमेशा नजर रहती है। हम रिंकू को थोड़ी जिम्मेदारी देना चाहते हैं। टी20 विश्वकप जीतने के बाद मुझे लगता है कि यह जिम्मेदारी सौंपने का यह सही समय है। सीजन से पहले केकेआर ने कोलकाता में इवेंट रखा। इस दौरान रहाणे और रिंकू को एक साथ मंच पर बुलाया गया। जब रिंकू मंच पर आए तो कुछ फैंस ने रिंकू को कप्तान बनाने की मांग की। यह दर्शाता है कि केकेआर में रिंकू का क्रेज कितना अधिक है। केकेआर की पूरी टीम इस इवेंट में मौजूद रही। तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को सबसे पहले मंच पर बुलाया गया और फैंस से उनका परिचय कराया गया। सौरभ चोटिल आकाश दीप की जगह टीम से जुड़े हैं। केकेआर आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। टीम इसके लिए बुधवार को मुंबई रवाना होगी।
दिल्ली को लगा झटका, बेन डकेट ने आईपीएल से नाम लिया वापस
लंदन। दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल का आगामी सीजन शुरू होने से पहले ही झटका लगा है। इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने आईपीएल 2026 से हटने का फैसला लिया है। डकेट को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल हुई मिनी नीलामी में दो करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब घर पर समय बिताना चाहते हैं और लाल गेंद के क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। आईपीएल के नियमनुसार, डकेट पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। यानी डकेट अब 2027 और 2028 आईपीएल सीजन में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। डकेट ने कहा, यह बहुत कठिन निर्णय था और मैं दिल्ली में सभी से माफी मांगना चाहता हूं कि मैं नहीं आ पाऊंगा। जब मैंने नीलामी में अपना नाम दर्ज कराया था, तब मुझे लगा था कि यह एक शानदार अवसर होगा और दिल्ली जैसी फ्रेंचाइजी द्वारा मुझे चुनना अद्भुत था। मैं बेहद खुश था। यह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिता है जिसमें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और यह एक अद्भुत अनुभव होता।



