उन्नाव: अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार पर टूटा कहर, रोडवेज बस ने ली 3 जिंदगियां
उन्नाव के कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसे में रोडवेज बस ने अपने ही यात्रियों को कुचल दिया। तीन लोगों की मौके पर मौत हुई, जबकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज वर्कशॉप के पास एक रोडवेज बस ने अपने ही यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पहले पिकअप से टक्कर, फिर बैक करते समय हुआ बड़ा हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रोडवेज बस ने पहले हाईवे पर आगे चल रही एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस में सवार कुछ यात्री और कंडक्टर नीचे उतरकर क्षतिग्रस्त वाहन को देखने लगे। इसी दौरान बस चालक ने वाहन को पीछे करने का प्रयास किया। लापरवाही के चलते बस सीधे नीचे खड़े चार लोगों के ऊपर चढ़ गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अंतिम संस्कार में जा रहे थे रामनरेश, रास्ते में हुई मौत
मृतकों में रामनरेश भी शामिल हैं, जो अपनी पत्नी के साथ अपने ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने कानपुर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अन्य मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की भूमिका पर सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल कंडक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में बस चालक की लापरवाही हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट- रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: बदायूं में दर्दनाक हादसा! हाईटेंशन लाइन बनी चार बेजुबानों की मौत की वजह



