भोजपुरी स्टार्स के कार्यक्रम में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
उत्तर प्रदेश के बलिया में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और भाजपा सांसद रवि किशन के कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने से हंगामा हो गया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बलिया में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और भाजपा सांसद रवि किशन के कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने से हंगामा हो गया. कार्यक्रम समाप्त होने के दौरान मंच के पास पहुंचने की होड़ में अफरा-तफरी मच गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया.
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और भाजपा सांसद व अभिनेता रवि किशन के कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ. नगरा कस्बे में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में दोनों कलाकारों के पहुंचने से भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. कार्यक्रम के अंत में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
नगरा कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह तथा गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे थे. दोनों सितारों की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे. मंच पर दोनों कलाकारों का लोगों ने जोरदार स्वागत किया और प्रस्तुति का जमकर आनंद लिया.
हालांकि, रवि किशन कुछ समय बाद कार्यक्रम से रवाना हो गए, जबकि पवन सिंह मंच पर मौजूद रहे. उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया. कार्यक्रम के दौरान लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई और अंतिम दौर में स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी.
पुलिस ने बरसाईं लाठियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के समय लोगों में मंच के करीब पहुंचने और पवन सिंह को नजदीक से देखने की होड़ मच गई. इस दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग कुर्सियां फेंकते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया.
कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ पर जमकर लाठियां बरसाईं, जिससे कई लोग घायल हो गए. एक घायल युवक ने बताया कि वह केवल पवन सिंह को देखने के लिए कार्यक्रम में आया था और शांतिपूर्वक खड़ा था, लेकिन पुलिस ने उसे भी दौड़ाकर पीट दिया. उसका सिर भी फूट गया था.
घायल युवकों ने पुलिस पर लगाए आरोप
वहीं घायल बताए जा रहे सचिन नामक युवक का आरोप है कि नगरा थाना पुलिस के चार पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की. उसका कहना है कि कार्यक्रम में मौजूद आम लोगों को भी पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.



