मंडी समिति की आढ़त में रातोंरात सेंधमारी, लाखों की नकदी और खाते लेकर फरार हुए चोर
बदायूं के सहसवान मंडी समिति में चोरों ने आढ़त की दुकान में सेंध लगाकर नकदी और खाता-बही चोरी कर ली। पुलिस और पीआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मंडी समिति में रात के सन्नाटे के बीच चोरों ने एक आढ़त को निशाना बना लिया। दुकान के आगे से दाखिल होने में नाकाम रहे चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर पहुंचकर नकदी व जरूरी खाता-बही समेट ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे आढ़ती को घटना की जानकारी हुई तो मंडी में हड़कंप मच गया।
शटर के पास खोदा गड्ढा, फिर दीवार में लगाई सेंध
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह आढ़ती रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा। वहां शटर के पास गड्ढा खुदा देखकर उसे शक हुआ। बताया गया कि चोरों ने सामने से दुकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दुकान की पिछली दीवार में कुंबल लगाकर अंदर प्रवेश किया।
नकदी और जरूरी खाते लेकर हुए फरार
आरोप है कि दुकान के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने वहां रखी नकदी और जरूरी बही-खाते अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद वे फरार हो गए। घटना में इस्तेमाल किए गए औजार मौके पर ही छोड़ दिए गए। पीड़ित आढ़त स्वामी ने लाखों रुपये की नकदी चोरी होने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकान में सेंधमारी कैसे की गई और चोरी गई नकदी व खाता-बही की वास्तविक मात्रा कितनी है, इसकी पड़ताल की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले में जांच जारी थी।
रिपोर्ट- संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: DG IT सीमा खन्ना पर FIR की मांग, महुआ मोइत्रा पहुंचीं पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने



