गद्दारों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी : संजय राउत

  • शिंदे ने दावा किया कि पार्टी को आगे भी झटके लगते रहेंगे

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। शिवसेना-यूबीटी के छह लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल होने की घोषणा के दो दिन बाद, पार्टी नेता संजय राउत ने बागी नेताओं पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए गद्दारों के खिलाफ लड़ाई का ऐलान किया। यह घटनाक्रम ऑपरेशन टाइगर के बाद सामने आया, जब सोमवार को उद्धव गुट के छह सांसदों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल होने की घोषणा की थी। एक्स पर एक पोस्ट में, राज्यसभा सांसद राउत ने लिखा कि ना थके कभी जोड़ी, ना हिम्मत हारी है। लडऩा है महाराष्ट्र के गद्दारों के खिलाफ, हौसला है बुलंद, सफर जारी है।
इस पोस्ट में शिवसेना-यूबीटी नेता की तस्वीर भी थी, जिसमें वे राइफ़ल पकड़े हुए दिख रहे। वहीं शिंदे ने दावा किया कि पार्टी को आगे भी झटके लगते रहेंगे, जिससे संकेत मिलता है कि उद्धव के गुट में और भी बड़ी फूट पड़ सकती है। बागी सांसदों में नागेश पाटिल अष्टिकर, ओमराजे निंबालकर, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं। पाला बदलने के तुरंत बाद, शिंदे ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा: शेर यहां आ गए हैं… ऑपरेशन टाइगर अब पूरा और सफल हो गया है।

Related Articles

Back to top button