गाजियाबाद पुलिस का वीडियो वायरल, छुट्टी के लिए SO से भिड़े दरोगा

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पुलिस विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मधुबन बापूधाम थाने का बताया जा रहा है,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पुलिस विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मधुबन बापूधाम थाने का बताया जा रहा है, जिसमें थाना प्रभारी (SO) और एक दरोगा के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पुलिस अधिकारी थाने के अंदर ही एक-दूसरे से उलझ गए। इस दौरान वहां मौजूद फरियादियों के सामने ही दोनों के बीच तू-तड़ाक होती रही।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग के अनुशासन और थाने में फरियादियों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पूरी पृष्ठभूमि, विवाद की वजह और अधिकारियों की ओर से इस मामले में की गई कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

अब यही वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक दरोगा को छुट्टी चाहिए थी. बताया जा रहा है कि उसने एसओ को कई बार इस संबंध में कहा, लेकिन एसओ ने मना कर दिया. इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई. देखते ही देखते दोनों पुलिस अफसर इतने उग्र हो गए कि मर्यादा ही भूल गए. सोशल मीडिया में वायरल हो रहे 24 सेकंड के इस वीडियो को देखने से ही पूरा माजरा समझ में आ जाता है.

क्या है वीडियो में?

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में मधुबन बापू धाम थाने में एसओ के चैंबर के बाहर का कारिडोर नजर आ रहा है. इसी कारिडोर में दरोगा बैठकर अपने क्षेत्र के फरियादियों की समस्या सुनते हैं. कारिडोर में टेबल पर मुकदमों की फाइलें नजर आ रही हैं, कुछ लोग अपने मामलों की सुनवाई करा रहे हैं. तभी थाना प्रभारी चैंबर से बाहर आते हैं और दरोगा से उनकी तूतू-मैंमैं शुरू हो जाती है. दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाने लगते हैं.

पुलिस का झगड़ा सुलझाने लगे फरियादी

काफी लोग अपने-अपने झगड़ों को सुलझाने के लिए थाने पहुंचे थे. यहां जब थाना प्रभारी और दरोगा के बीच झगड़ा होते देखा तो लोग अपने झगड़े भूल गए और बीच बचाव कर पुलिस का झगड़ा सुलझाने लग गए. वायरल हो रहे वीडियो में भी साफ सुना जा सकता है, जिसमें थाना प्रभारी दरोगा को कह रहे हैं कि ‘बाहर निकलो, तमीज से बात करो, बदतमीजी मत करो’. वहीं जवाब में दरोगा भी उनके साथ तू-तड़ाक की भाषा में जवाब देते हैं.

अधिकारियों ने साधी चुप्पी

थाने में वर्दी में की मर्यादा तार-तार होने की इस घटना को 24 घंटे होने जा रहे, लेकिन अभी तक पुलिस के उच्चाधिकारियों ने कोई बयान जारी नहीं किया है. हालांकि पुलिस सूत्रों का दावा है कि पुलिस कमिश्नर के आदेश पर डीसीपी सिटी ने खुद मामले की जांच शुरू की है. बताया ज रहा है कि जांच के बाद इस मामले में कड़ी कार्रवाई हो सकती है.

Related Articles

Back to top button