बांदा में स्कूल बना रणभूमि! भाजपा नेता पर मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल

बांदा के एक सरकारी स्कूल में भाजपा नेता पर शिक्षकों से मारपीट और हंगामा करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भी कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने सत्ता के दबाव का आरोप लगाया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कबांदा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी स्कूल के अंदर घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गंछा ग्राम पंचायत स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बजरंगपुरवा का बताया जा रहा है। घटना के बाद से स्कूल स्टाफ में डर का माहौल है और स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि भाजपा के सेक्टर प्रभारी सत्यानंद यादव कथित तौर पर शराब के नशे में अपने कुछ साथियों के साथ स्कूल परिसर में पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां मौजूद शिक्षकों के साथ अभद्रता की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान स्कूल में जमकर हंगामा हुआ और माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।

सरकारी कागजात फाड़ने का भी आरोप

पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने न सिर्फ शिक्षकों से मारपीट की, बल्कि स्कूल में रखी सरकारी पत्रावलियों को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना में एक सहायक अध्यापक को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज की जरूरत पड़ी।

वीडियो सामने आया, फिर भी कार्रवाई पर सवाल

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग स्कूल परिसर में हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस की तरफ से अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

पीड़ित पक्ष का आरोप, सत्ता के दबाव में पुलिस?

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं, इसलिए पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। इसी वजह से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हालांकि, पुलिस की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: एक चिंगारी और धू-धू कर जल उठा जंगल! मिर्जापुर में बड़ा हादसा

Related Articles

Back to top button