बिच्छू के डंक ने ली 15 साल की मासूम की जान! एंबुलेंस में बैठाने से पहले ही थम गई सांस
बांदा के बबेरू क्षेत्र में जहरीले बिच्छू के डंक से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने एंबुलेंस देरी का आरोप लगाया। जिला अस्पताल रेफर के दौरान एंबुलेंस में लिटाते समय किशोरी ने दम तोड़ दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बबेरू कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जहरीले बिच्छू के डंक से 15 वर्षीय किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन जब तबीयत लगातार खराब होती गई तो उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस में लिटाते समय ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
झाड़-फूंक में बीता अहम समय
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव निवासी हरीवा निषाद की पुत्री रजोला देवी (15) रविवार शाम शौच के बाद घर लौटी थी। इसी दौरान उसे जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। परिजनों ने शुरुआत में झाड़-फूंक कराई, लेकिन हालत बिगड़ने पर सोमवार को उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बबेरू ले जाया गया।
जिला अस्पताल रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने किशोरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची और करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि जब एंबुलेंस आई और किशोरी को उसमें लिटाया जा रहा था, तभी उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया। मृतका दो बहनों और तीन भाइयों में चौथे नंबर पर थी। बेटी की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि किशोरी की हालत गंभीर थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया था। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: मवई बाईपास पर दर्दनाक हादसा! दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, तीन जिंदगी से जूझ रहे



