वजीरगंज में सनसनी: घर में अकेली महिला से छेड़छाड़ के बाद मारपीट, जेवर लूटकर आरोपी फरार
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: थाना वजीरगंज क्षेत्र के एक गांव से महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
यहां एक दबंग युवक ने घर में अकेली महिला को पाकर न केवल उससे छेड़छाड़ और मारपीट की, बल्कि उसके और उसकी बेटी के सोने-चांदी के गहने लूटकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूना मकान देखकर घर में घुसा आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 सितंबर की है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया कि वारदात के समय वह घर पर बिल्कुल अकेली थी। उसका पति और सास किसी जरूरी काम से गांव से बाहर गए हुए थे।
इसी सूनेपन का फायदा उठाकर गांव का ही रहने वाला आरोपी राजू यादव चुपके से उसके घर में दाखिल हो गया। घर में घुसते ही आरोपी ने महिला को अकेली देखकर उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर चारपाई पर पटका, दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने जब आरोपी की करतूतों का कड़ा विरोध किया और खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी उग्र हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे जबरन खींचकर चारपाई पर पटक दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
जब पीड़िता ने बचाओ-बचाओ चिल्लाकर शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे अंजाम भुगतने और किसी से भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला व बच्ची के गहने लूटकर हुआ फरार
मारपीट और अभद्रता के बाद आरोपी की नीयत पीड़िता के गहनों पर भी बिगड़ गई। आरोप है कि आरोपी राजू यादव ने पीड़िता के कान का कुंडल और नाक की लौंग जबरन निकाल ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला की मासूम बेटी की चांदी की पाजेब भी छीन ली और सामान समेटकर मौके से भाग निकला।
पीड़ित परिवार पहुंचा थाने, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों के घर लौटने पर पीड़िता ने रो-रोकर अपने साथ हुई पूरी आपबीती बताई। इसके बाद भयभीत पीड़ित परिवार तुरंत थाना वजीरगंज पहुंचा और मामले की लिखित तहरीर पुलिस को सौंपी।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी राजू यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट:- संतुलित पाठक,बदायूं



