वनडे सीरीज में रोहित-कोहली के निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड

  • वनडे में रोहित 12,000 रन और कोहली 15,000 रन बनाने के बेहद करीब

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुवनंतपुरम। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होने जा रही है। इस सीरीज में एक बार फिर क्रिकेट फैंस की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी। यह सीरीज दोनों के लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से भी खास हो सकती है। रोहित और विराट के पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। रोहित शर्मा इस समय वनडे क्रिकेट में 12,000 रन के बेहद करीब हैं। उन्होंने अब तक 288 वनडे मैचों में 11,895 रन बनाए हैं। ऐसे में इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें 105 रन की जरूरत है।
विराट कोहली के लिए वेस्टइंडीज सीरीज सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली उपलब्धियों में से एक की वजह से खास हो सकती है। कोहली वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने के बेहद करीब हैं। उन्होंने अब तक 314 वनडे मैचों की 302 पारियों में 14,941 रन बनाए हैं। यानी इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 59 रन चाहिए। वहीं रोहित शर्मा के पास बतौर ओपनर वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने का भी मौका है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें 135 रन और बनाने होंगे। रोहित लंबे समय से वनडे क्रिकेट में भारतीय पारी की शुरुआत करते रहे हैं और इस भूमिका में उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। विराट कोहली लिस्ट ए क्रिकेट में शतकों के मामले में भी सचिन तेंदुलकर के बेहद करीब हैं। सचिन के नाम 60 लिस्ट ए शतक दर्ज हैं, जबकि कोहली के नाम 59 शतक हैं। यानी दो और शतक लगाते ही कोहली सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं।

अंडर-19 वनडे सीरीज: भारत ने कंगारू ओं का किया क्लीन स्वीप

राजकोट। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने बुधवार को निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने अनौपचारिक तीन मैचों की वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया था। इसके बाद दूसरे वनडे में भारतीय टीम ने 103 रन से बड़ी जीत दर्ज की। तीसरे मैच में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में एक भी जीत हासिल करने का मौका नहीं दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम 49.3 ओवर में 254 रन पर ऑलआउट हो गई। 255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 41.2 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने एक छोर संभालते हुए शानदार शतकीय पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button