4PM की महिला पत्रकार शाहीन प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, पत्रकार सुरक्षा कानून की उठी आवाज
4PM News की महिला पत्रकार शाहीन प्रकरण में इलाहाबाद जन कल्याण समिति ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। समिति ने पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने और शिकायतों के लिए स्वतंत्र तंत्र की मांग उठाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पत्रकारिता को लोकतंत्र की आवाज माना जाता है, लेकिन जब इसी आवाज से जुड़े किसी मामले में कथित दुर्व्यवहार के आरोप सामने आते हैं तो सवाल सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते। दिल्ली में 4PM News की महिला पत्रकार शाहीन के साथ कथित मारपीट और पुलिस द्वारा थाने ले जाने के मामले को लेकर अब इलाहाबाद जन कल्याण समिति ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन, पारदर्शी जांच की मांग
मोहम्मद हन्जला फारूकी के नेतृत्व में समिति ने अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें शाहीन प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई है।
समिति का कहना है कि पत्रकार जनहित से जुड़े सवाल उठाते हैं और जनता तक तथ्य पहुंचाना उनका लोकतांत्रिक दायित्व है। ऐसे में पत्रकारों के साथ मारपीट, धमकी या ड्यूटी के दौरान कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी नहीं माना जाना चाहिए।
Journalist Protection Act बनाने की मांग
इलाहाबाद जन कल्याण समिति ने देशभर के पत्रकारों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा एवं प्रेस स्वतंत्रता कानून (Journalist Protection Act) बनाने की मांग की है।
समिति ने पत्रकारों के साथ हिंसा, धमकी या उत्पीड़न की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए स्वतंत्र सुरक्षा शिकायत एवं निगरानी तंत्र बनाने की मांग भी रखी है। ज्ञापन में किसी भी प्रकार के कथित भेदभाव की शिकायत की स्वतंत्र जांच की बात कही गई है।
निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण आंदोलन
हन्जला फारूकी ने कहा कि पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण में काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(a) और 21 में निहित अधिकारों की प्रभावी रक्षा को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया।
समिति ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं होती है, तो पत्रकार संगठनों व नागरिकों के साथ शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: पहली बार 4 महीने बाद लौटी, अब बच्चों को लेकर फिर हुई लापता, पति पहुंचा SSP के पास



