रात में अचानक निकले DM-SP, पूर्णागिरि से बिसवां चौराहे तक देखा बारिश का हाल
सीतापुर में लगातार बारिश के बीच डीएम डॉ. राजागणपति आर. और एसपी अंकुर अग्रवाल ने देर रात जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और जल निकासी के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार देर रात प्रशासन सड़कों पर नजर आया। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने शहर से लेकर सिधौली तक जलभराव वाले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर हालात देखे और संबंधित विभागों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पूर्णागिरि से चांदी हनुमान मंदिर तक निरीक्षण
डीएम और एसपी ने शहर के वार्ड पूर्णागिरि मोहल्ला, चांदी हनुमान मंदिर क्षेत्र और तहसील सिधौली के बिसवां चौराहे का जायजा लिया। जलभराव वाले स्थानों पर पहुंचकर अधिकारियों ने स्थिति को देखा और जल निकासी के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी न बढ़े, इसे लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली गई।
जल निकासी में लापरवाही पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों में जलभराव हो रहा है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना या आपात सूचना की स्थिति में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी बिना देरी किए मौके पर पहुंचें और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बारिश पर प्रशासन की लगातार नजर
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जलभराव और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
रिपोर्ट – वाली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 121 ग्राम अल्प्राजोलम, नकदी और मोबाइल… बरेली में चेकिंग के दौरान खुला नशे का खेल



