रात के अंधेरे में बाढ़ के बीच अचानक पहुंच गए DM, घरों में रह रहे लोगों से बोले- तुरंत सुरक्षित जगह जाएं
सीतापुर में सराय नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने रात में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में सराय नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच मंगलवार की देर रात जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. अचानक बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंच गए। अंधेरे में डीएम को मौके पर देखकर प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। उन्होंने लोनियन पुरवा पूर्वी, नई बस्ती, दुर्गापुरवा और शास्त्री नगर समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर हालात की जानकारी ली।
घरों में रह रहे परिवारों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान डीएम ने खास तौर पर उन परिवारों से बात की, जो बाढ़ के खतरे के बावजूद अभी अपने घरों में रह रहे हैं। उन्होंने लोगों से रैन बसेरों और बाढ़ आश्रय स्थलों में जाने की अपील की। प्रशासन की ओर से इन स्थानों पर रहने, भोजन, पेयजल और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।
कोई परिवार असुरक्षित जगह पर न रहे
डीएम ने मौके पर मौजूद लेखपालों से क्षेत्र की स्थिति जानी और उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित परिवार को असुरक्षित स्थान पर न रहने दिया जाए। सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुओं से लेकर जर्जर भवनों तक पर नजर
बाढ़ प्रभावित इलाकों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए गए। वहीं क्षेत्राधिकारी को रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। जर्जर भवनों में रह रहे लोगों से भी तत्काल सुरक्षित आश्रय स्थलों में जाने की अपील की गई। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ है और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बांदा में जुए के अड्डे पर देर रात पुलिस की रेड, 11 गिरफ्तार; 1.31 लाख कैश और गाड़ियां जब्त



