सीतापुर में 15 दिन से बिजली गुल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; कार्यालय का किया घेराव

सीतापुर के गोरा गांव में 15 दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। नाराज ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर तीन फेज लाइन और ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : सीतापुर के एलिया विकासखंड के गोरा गांव में करीब 15 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग पत्र सौंपकर जल्द बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।

900 की आबादी बिजली संकट से परेशान

ग्रामीणों के मुताबिक, गोरा गांव की करीब 900 की आबादी पिछले 15 दिनों से बिजली संकट झेल रही है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से जहां घरेलू कामकाज पर असर पड़ रहा है, वहीं खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीण मुंशीलाल ने बताया कि गांव 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुंशीगंज के शहरोई फीडर से जुड़ा है। आरोप है कि जर्जर बिजली के तार और खराब ट्रांसफार्मर के कारण आपूर्ति बार-बार बाधित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

तीन फेज लाइन और नया ट्रांसफार्मर मांगा

सोमवार दोपहर करीब दो बजे ग्रामीण संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने गांव में चल रही एक फेज बिजली लाइन को तीन फेज में बदलने और खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की अपील की।

समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव की बिजली समस्या का जल्द स्थायी समाधान जरूरी है। लगातार आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में PDA जनपंचायत से गरमाई सियासत, राम आसरे ने BJP पर लगाए बड़े आरोप

Related Articles

Back to top button