एक गलती और चली गई जान! सीतापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया लाइनमैन

सीतापुर के बिसवां में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से लाइनमैन नागेंद्र की मौत हो गई। पोल पर काम करते समय करंट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। विभागीय जांच शुरू हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में बुधवार को बिजली के पोल पर काम करना एक लाइनमैन के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिसवां कोतवाली क्षेत्र के बड़े चौराहे के पास रायगंज मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के बाद 42 वर्षीय विद्युतकर्मी नागेंद्र पोल से सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।

पोल पर काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए

मिश्रिख थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी नागेंद्र पुत्र नत्थू बिसवां क्षेत्र में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को वह रायगंज मार्ग स्थित विद्युत पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान वह हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगते ही नागेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए। इसके बाद संतुलन बिगड़ने से वह पोल से नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में नागेंद्र को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिना शटडाउन काम करने की बात, जांच शुरू

अवर अभियंता अमरीश कुमार के अनुसार नागेंद्र बिना शटडाउन लिए विद्युत पोल पर कार्य करने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हालांकि हादसे की परिस्थितियों को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: किताबों से बाहर निकला विज्ञान! गोरखपुर के छात्रों ने बनाए ऐसे मॉडल, अब संभाग स्तर पर दिखेगा दम

Related Articles

Back to top button