खेलते-खेलते उजड़ गई मासूम की दुनिया, दीवार-टिनशेड के मलबे में दबा 4 साल का बच्चा
सीतापुर के महमूदाबाद के मालसराय गांव में बारिश के बीच कच्ची दीवार और टिनशेड गिरने से चार साल के बच्चे की मौत हो गई। उसका चचेरा भाई गंभीर घायल है और लखनऊ रेफर किया गया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। महमूदाबाद क्षेत्र के मालसराय गांव में घर के बाहर खेल रहे दो मासूमों के ऊपर कच्ची दीवार और टिनशेड अचानक भरभराकर गिर गए। मलबे में दबने से चार वर्षीय सूर्यांश की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
खेलते समय अचानक बच्चों पर गिरा मलबा
मालसराय गांव निवासी अनुज का चार वर्षीय बेटा सूर्यांश अपने चचेरे भाई शिवांश के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान लगातार बारिश के बीच घर के बाहरी हिस्से की कच्ची दीवार और टिनशेड अचानक ढह गए। दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक मासूम की मौत, दूसरा लखनऊ रेफर
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने सूर्यांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवांश की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जांच के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ कपूर कुमार और कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के बीच कच्चे और कमजोर निर्माणों को लेकर ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बारिश से पहले नगर निगम ने कसी कमर, 3-4 दिन अलर्ट; जलभराव वाले इलाकों पर खास नजर



