शराब के बाद भाइयों में खूनी झगड़ा! सीतापुर में बड़े भाई की हत्या, छोटा भाई फरार
सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र के जालेपारा गांव में राममूर्ति का शव रास्ते पर मिला। छोटे भाई पर शराब के बाद हुए विवाद में ईंट-डंडे से हत्या का आरोप है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शराब पीने के बाद शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए दर्दनाक घटना में बदल गया। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के जालेपारा गांव में 40 वर्षीय राममूर्ति का शव शनिवार सुबह रास्ते पर पड़ा मिला। आरोप है कि उसके छोटे भाई शत्रोहन ने ईंट और डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने के बाद दोनों भाइयों में हुआ विवाद
जालेपारा गांव निवासी राममूर्ति (40) पुत्र परसू और उसका छोटा भाई शत्रोहन (35) शराब पीने के बाद आपस में झगड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर शत्रोहन ने राममूर्ति के सिर पर ईंट और डंडे से वार कर दिया। हमले में राममूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने रास्ते पर शव पड़ा देखा तो गांव में सनसनी फैल गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी सुबह गांव से बाहर जाता दिखाई दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता और कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से ईंट बरामद कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। मामले में जांच जारी है।
परिवार में मातम, मृतक का एक बेटा
राममूर्ति के पिता के मुताबिक, उसकी शादी हुई थी और उसका एक बेटा भी है, लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। परिवार में पिता और तीन भाई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बदायूं वन विभाग में 4 लाख रुपये का मामला, फॉरेस्ट गार्ड पर रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप



