सीतापुर में दुकान के विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता की मौत; बेटा जिंदगी-मौत से जूझ रहा

सीतापुर के लालबाग बाजार में दुकान के विवाद में खूनी संघर्ष हुआ। रामकृष्ण राठौर की मौत हो गई, जबकि बेटा अभिषेक गंभीर घायल है। पुलिस ने कमलेश और रेनू को गिरफ्तार किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दुकान पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। शहर के लालबाग बाजार में दोनों पक्षों के बीच ऐसी मारपीट हुई कि ईंट-पत्थर और धारदार हथियार तक चल गए। घटना में 55 वर्षीय रामकृष्ण राठौर उर्फ बबलू की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अभिषेक राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में कमलेश और उसकी बेटी रेनू को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दुकान को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

मामला कोतवाली नगर क्षेत्र की तामसेनगंज चौकी के अंतर्गत दालमंडी का है। यहां रामकृष्ण राठौर और कमलेश की दुकानें हैं। बताया गया कि एक दुकान पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर इसी मुद्दे पर रामकृष्ण और कमलेश के बेटे रवींद्र के बीच बाजार में कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी के बाद चले ईंट-पत्थर और धारदार हथियार

विवाद की जानकारी मिलने पर रामकृष्ण के बेटे अभिषेक भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कमलेश की बेटी रेनू और बेटा रवींद्र समेत अन्य लोग भी झगड़े में शामिल हो गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इसमें रामकृष्ण और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पिता की मौत, बेटा ट्रामा सेंटर रेफर; दो गिरफ्तार

सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने रामकृष्ण राठौर को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। सहायक पुलिस अधीक्षक विनय यादव के मुताबिक, दुकान के विवाद में हुई मारपीट के मामले में कमलेश और रेनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में युवती की मौत पर बवाल, सिपाही पर धोखे का आरोप; न्याय मांगने SSP दफ्तर पहुंचा भाई

Related Articles

Back to top button