कर्ज के बोझ से टूट गया राशन कोटेदार! सीतापुर में किराए के मकान में मिला शव

सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र में 52 वर्षीय राशन कोटेदार रामशरण का शव किराए के मकान में मिला। परिजनों के मुताबिक, वह लंबे समय से कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान थे। पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: आर्थिक तंगी और कर्ज का दबाव इंसान को किस कदर तोड़ सकता है, इसका एक दुखद मामला सीतापुर में सामने आया है। सदरपुर थाना क्षेत्र में 52 वर्षीय सरकारी राशन कोटेदार का शव किराए के मकान में मिला। परिजनों के मुताबिक, वह लंबे समय से भारी उधारी और लेनदारों के लगातार तकादों से परेशान थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

किराए के मकान में मिला कोटेदार का शव

मामला सदरपुर थाना क्षेत्र के रमुवापुर चौराहे का है। मानिकपुर मजरे बालचंद पुरवा निवासी रामशरण पिछले करीब छह-सात वर्षों से अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ बीएलएसडी इंटर कॉलेज के सामने किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार देर रात उनका शव मकान के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान थे रामशरण

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रामशरण लंबे समय से भारी कर्ज के दबाव में थे। लेनदारों के लगातार तकादों और आर्थिक परेशानियों के चलते वह मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। परिजनों का मानना है कि कर्ज का दबाव उनकी मौत की वजह बना। परिवार में चार बेटियां और छह बेटे हैं। इनमें से कुछ बच्चों की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य अभी अविवाहित हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: फर्स्ट AC में महिला के साथ चोरी, रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल

Related Articles

Back to top button