घरवाले सोते रहे, लाखों के जेवर समेट ले गए चोर! सुबह खुला राज तो उड़ गए होश
Sitapur News: सदरपुर के रांडा गांव में छत के रास्ते घर में घुसे चोर 20 हजार रुपये नकद और करीब तीन लाख के जेवर ले गए। लगातार चोरियों से ग्रामीणों में दहशत और पुलिस के प्रति नाराजगी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: घर के अंदर परिवार के लोग बेखबर सोते रहे और चोर छत के रास्ते दाखिल होकर नकदी व लाखों के जेवर समेट ले गए। सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के रांडा गांव में बुधवार देर रात हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत है। चोर 20 हजार रुपये नकद और करीब तीन लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह नींद खुलने पर घर में सामान बिखरा देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, नकदी-जेवर लेकर फरार
रांडा निवासी रजिंदर पुत्र बालक के परिवार के लोग बुधवार रात अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि चोरों ने घर में रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान परिवार के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जागने पर घरवालों ने सामान बिखरा देखा तो चोरी का पता चला। तलाशी लेने पर 20 हजार रुपये नकद और करीब तीन लाख रुपये के जेवरात गायब मिले।
सुबह मचा हड़कंप, डायल 112 पुलिस पहुंची
चोरी का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की इस वारदात से गांव के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि क्षेत्र में सक्रिय चोर दूसरे घरों को भी निशाना बना सकते हैं।
लगातार चोरियों से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि सदरपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। लगातार हो रही वारदातों के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, पुराने मामलों का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। रांडा गांव की ताजा घटना में चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई अहम होगी।
रिपोर्ट -वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: आम भक्तों के लिए नियम, VIP को छूट? विंध्याचल मंदिर की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल



