सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर, अलर्ट हुआ प्रशासन; DM-SP ने संभाला मोर्चा
सीतापुर में लगातार बारिश के बीच सरायन नदी का जलस्तर बढ़ गया। डीएम और एसपी ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नदी से प्रभावित इलाकों और शहर के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हालात का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
प्रभावित इलाकों में पहुंचे DM-SP
डीएम और एसपी ने सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं। जिलाधिकारी ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारी को प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
राहत शिविरों में परखी गईं व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासन की ओर से तैयार सुरक्षित आश्रय स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविर में भोजन, पेयजल, प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को परेशानी न हो।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
लगातार बारिश को देखते हुए जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। जिलाधिकारी ने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीमें प्रभावित इलाकों पर नजर रखते हुए लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए सक्रिय हैं।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: पटना में उपविजेता, अब लखनऊ में चैंपियन बनीं शगुन कुमारी; राष्ट्रीय टेनिस में चमका नाम



