सीतापुर में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, रक्तदान शिविर में उमड़े लोग; मंत्री ने भी किया रक्तदान

सीतापुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल में एक माह का रक्तदान अभियान शुरू हुआ। राज्य मंत्री सुरेश राही ने रक्तदान कर लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में सेवा संकल्प अभियान-2026 की शुरुआत रक्तदान शिविर के साथ हुई। जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। अभियान का फोकस जरूरतमंद और आपातकालीन मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखना है। सीतापुर में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने की योजना है।

जिला अस्पताल में एक माह तक चलेगा रक्तदान अभियान

जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल में रोजाना ऐसे मरीज आते हैं जिन्हें तत्काल रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाताओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान कर इस पहल में योगदान देने की अपील की।

राज्य मंत्री सुरेश राही ने किया रक्तदान

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सुरेश राही भी पहुंचे और स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उनका कहना था कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीज की मदद की जा सकती है।

जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त दिलाने पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को रक्त के लिए भटकना न पड़े। अभियान के दौरान रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में अजगर का खौफनाक वीडियो, गन्ने के खेत में बकरी को बनाया निवाला

Related Articles

Back to top button