थाने के पास ही चोरों का बड़ा कारनामा, 20 हजार कैश समेत लाखों के जेवर गायब

सीतापुर के फर्कपुर गांव में थाने से करीब 500 मीटर दूर घर में सेंध लगाकर चोर 20 हजार रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाने से महज करीब 500 मीटर दूर एक घर को निशाना बना डाला। रात में दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। वारदात के दौरान परिवार के लोग घर में सोते रहे और उन्हें भनक तक नहीं लगी। सुबह सामान बिखरा देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर

घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फर्कपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि रात के समय चोरों ने घर की दीवार में सेंध लगाई और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

परिवार के मुताबिक, वारदात के समय सभी लोग घर में सो रहे थे। चोर चोरी करने के बाद मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिजन जागे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की जानकारी हुई।

थाने के करीब चोरी से गश्त पर सवाल

थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर चर्चा है कि पुलिस की सक्रियता के बावजूद चोरों ने इतनी नजदीक घर को कैसे निशाना बनाया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। चोरी की घटना के बाद पुलिस टीम चोरों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: तेज बहाव वाली नहर में कूदे दो छात्र, बचाई महिला की जान; SP ने किया सम्मानित

Related Articles

Back to top button