मीरजापुर जंगल में मिला लापता किसान का कंकाल, पेड़ से लटका शव देख कांप उठे लोग

मीरजापुर के लालगंज क्षेत्र के जंगल में 65 वर्षीय लापता किसान मुन्ना लाल यादव का शव पलाश के पेड़ से लटका मिला। शव का निचला हिस्सा गायब था, जिससे सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तुलसी और डांगरखेरी गांव के बीच स्थित जंगल में मंगलवार सुबह 65 वर्षीय लापता किसान मुन्ना लाल यादव का शव एक पलाश के पेड़ से लटका हुआ मिला। शव की हालत इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह मामला सिर्फ एक गुमशुदगी का नहीं रह गया, बल्कि अब रहस्य और आशंका से घिरता जा रहा है, क्योंकि शव का निचला हिस्सा गायब पाया गया है।

डेढ़ माह पुराना कंकाल, इलाके में फैली सनसनी

जानकारी के अनुसार, मुन्ना लाल यादव, जो तुलसी गांव के निवासी थे, 11 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित निजी गौशाला के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लगातार खोजबीन के बाद 12 अप्रैल की शाम को लालगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

जंगल में लकड़ी लेने गई महिलाओं ने देखा शव

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार शाम जंगल में लकड़ी लेने गई कुछ महिलाओं ने पेड़ से लटका हुआ शव देखा। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। रात होते-होते यह खबर पूरे तुलसी गांव में फैल गई। मंगलवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव बुरी तरह सड़-गल चुका है और केवल कंकाल बचा हुआ है। शव का कमर के नीचे का हिस्सा गायब था, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही लालगंज थाना प्रभारी के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या जैसा प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने यह भी कहा कि शव का निचला हिस्सा संभवतः जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है।

वहीं मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव की स्थिति और हालात सामान्य नहीं हैं, इसलिए इसकी गहन जांच होनी चाहिए।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: CCTV में कैद खौफनाक टक्कर: कंटेनर ने खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर

Related Articles

Back to top button