स्मृति मंधाना को मिली महिला टीम की कमान

- जिम्बाब्वे सीरीज के लिए टीम घोषित, शेफाली और दीप्ति बनीं उपकप्तान
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के जिम्बाब्वे दौरे के लिए टी20 और वनडे टीम का ऐलान कर दिया गया है। स्मृति मंधाना को सभी प्रारू पों में टीम का कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम के नेतृत्व में यह बदलाव हरमनप्रीत कौर के सभी प्रारूपों की कप्तानी छोडऩे के फैसले के बाद हुआ है। हरमनप्रीत ने कप्तानी से हटने के बाद साफ किया था कि वह खिलाड़ी के तौर पर टीम के लिए उपलब्ध रहेंगी। नई कप्तान की अगुआई में भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। शेफाली वर्मा को टी20 टीम का उपकप्तान, जबकि दीप्ति शर्मा को वनडे टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और वनडे दोनों टीमों में शामिल किया गया है। टी20 टीम में प्रतिका रावल को जगह नहीं मिली है, जबकि निकी प्रसाद, मिन्नू मणि, अनुष्का शर्मा और जिंतिमनी कलिता को टीम में शामिल किया गया है। ये चारों खिलाड़ी हाल में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ सीमित ओवरों और बहु-दिवसीय सीरीज में खेल चुकी हैं। वनडे टीम में प्रतिका रावल और हरलीन देओल को मध्यक्रम में शामिल किया गया है। हालांकि, जेमिमा रोड्रिग्स टीम में जगह नहीं बना सकी हैं। इससे पहले गुवाहाटी में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार और स्मृति मंधाना के साथ समीक्षा बैठक हुई थी। इसके बाद हरमनप्रीत ने यह फैसला लिया। बीसीसीआई ने अपनी वेबसाइट पर मंधाना को कप्तान बनाए जाने की घोषणा की। बोर्ड ने कहा, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नियुक्त करता है।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में चार साल बाद भुवनेश्वर कुमारकी वापसी
मुंबई। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। बीसीसीआई ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम की घोषणा की। भुवनेश्वर को 16 सदस्यीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। यह चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष अजीत अगरकर के पद से हटने के बाद पहला बड़ा चयन है। प्रज्ञान ओझा को अंतरिम चयन समिति अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। स्विंग गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले भुवनेश्वर के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी टीम इंडिया के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। भुवनेश्वर के अलावा वरुण चक्रवर्ती की भी टीम में वापसी हुई है।



