सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना बड़ी ताकत : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने शुरू की नई पहल, संघर्ष कर रहे लोगों को एक मंच पर लाएंगे नेता प्रतिपक्ष ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ अभियान

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को एक मंच पर जोडऩे के उद्देश्य से कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह नामक नई पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत लोग अपनी समस्याओं, आंदोलनों और संघर्षों की जानकारी एक ऑनलाइन मंच पर साझा कर सकेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इससे देशभर में चल रहे आंदोलनों को एक-दूसरे से जोडऩे, उनकी आवाज को मजबूत करने और संबंधित मुद्दों को राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर उठाने में मदद मिलेगी।
राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि देशभर में लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अक्सर वे अकेले लड़ते हैं और उनकी आवाज दब जाती है। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं और अन्य समुदाय अलग-अलग मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे में इन आवाजों को एक मंच पर लाना जरूरी है। राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सिखाया था कि सत्य सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ी ताकत है।

ऑनलाइन मैप पर जुड़ेंगे संघर्ष
इस पहल के तहत लोगों से अपने आंदोलन या संघर्ष की जानकारी साझा करने की अपील की गई है. राहुल गांधी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, जो किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहा है, वह अपनी कहानी साझा कर सकता है, इसके बाद उसकी कहानी एक डिजिटल मैप पर दिखाई जाएगी। उनका कहना है कि इससे लोगों को यह भी पता चल सकेगा कि देश के अन्य हिस्सों में कौन-कौन समान मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है।
लोगों से भागीदारी की अपील
कांग्रेस ने लोगों से सत्याग्रह वेबसाइट पर जाकर अपने आंदोलन की जानकारी दर्ज करने का आग्रह किया है. पार्टी ने कहा कि आंदोलन से जुड़ी जानकारी अपलोड करने के बाद संबंधित लोगों से संपर्क किया जाएगा और उनकी बात सुनी जाएगी. कांग्रेस ने दावा किया कि वह सत्य और न्याय की लड़ाई में लोगों के साथ खड़ी रहेगी और जहां संभव होगा, वहां सहयोग भी प्रदान करेगी।
देशभर में सच को दबाने की कोशिश की जा रही
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि देशभर में सच को दबाने की कोशिश की जा रही है. पार्टी ने कहा कि जमीन के अधिकार, महिलाओं के अधिकार, दलित और ओबीसी अधिकार, शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं. कांग्रेस के अनुसार ‘सत्याग्रहअभियान का उद्देश्य इन सभी संघर्षों को एक साझा मंच पर जोडऩा और देशभर के लोगों के साथ मिलकर उनके मुद्दों को आगे बढ़ाना है।
राहुल गांधी का संदेश
राहुल गांधी ने इस पहल को अपनी संवैधानिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में जहां भी सत्य को दबाया जा रहा है, वहां लोगों की मदद करना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सत्य केवल बड़े राष्ट्रीय मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर गांव, कस्बे और शहर में चल रहे संघर्षों से भी जुड़ा हुआ है।
सीईसी ने इस्तीफा नहीं दिया तो 10 को दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे: दिपके
सीजेपी केमुंबई आंदोलन में उमड़ी भीड़
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। सीजेपी ने अब घोषणा की है कि अगर ज्ञानेश कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा नहीं दिया तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद यह ऐलान किया पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में पहुंचे।
दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर से सीजेपी के समर्थक दिल्ली पहुंचकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताते हुए उन लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं। दिपके ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और वे महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने कहा कि अब यह सरकार और दिल्ली पुलिस पर निर्भर है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करते हैं या 20 जुलाई को हुई कथित कार्रवाई जैसी स्थिति दोहराते हैं. उन्होंने इस आंदोलन को लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताया और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव चाहने वाले नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की।
इससे पहले शिवाजी पार्क में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर के जेनजी युवा दिल्ली पहुंचेंग. उन्होंने इसे जंतर-मंतर 2.0 बताया और चलो दिल्ली का आह्वान किया।
चुनाव आयोग ने लोकतंत्र की आत्मा को खत्म कर दिया : आशुतोष रांका
दिल्ली और मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है. पुलिस ने नेहा बोरा समेत 700 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। सीजेपी के आशुतोष रांका का चुनाव आयोग पर करारा हमला करते हुए कहा लोकतंत्र की आत्मा को खत्म कर दिया। को-फाउडंर आशुतोष रांका ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि अभिजीत की आलोचना करने के लिए एक पूरा खुद को लिबरल कहने वाला इकोसिस्टम सक्रिय हो गया है यह आलोचना इसलिए हो रही है क्योंकि वे बहुत लंबे समय बाद लाखों भारतीयों का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब रहे हैं. मजेदार बात यह है कि यह इकोसिस्टम सिर्फ़ ट्विटर पर ही मौजूद है, लेकिन फिर भी उन्हें लगता है कि वे ही लोकतंत्र के एकमात्र रक्षक हैं।
टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने किया सीजेपी का समर्थन
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त -सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन को समर्थन दिया है। कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने सीजेपी युवाओं और छात्रों के आंदोलन के समर्थन की बात कही। उन्होंने कहा कि वह सीजेपी और युवा पीढ़ी के साथ पूरी तरह खड़ी हैं और ऐसी कथित ज्यादतियों को रोकने की अपील करती हैं। ममता बनर्जी ने अगस्त में भी दिल्ली में मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया था। अहम बात यह भी है कि ममता के साथ-साथ शिवसेना और आम आदमी पार्टी ने भी सीजेपी को सपोर्ट किया है।
चुनाव आयोग केखिलाफ मुंबई में उतरेगा संयुक्त विपक्ष: राउत
सभी दलों में बातचीत पूरी सब तैयार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने 3 अक्टूबर को घोषणा की कि विपक्षी पार्टियां भारत के चुनाव आयोग के विरोध में मुंबई में एक बड़ा संयुक्त मार्च आयोजित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन के रूट को लेकर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बीच बातचीत हुई थी। राउत ने बताया कि लॉजिस्टिकल कारणों से मार्च के रूट को मूल योजना से बदल दिया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि शेतकारी कामगार पक्ष (पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों ने इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है।
संजय राउत ने कहा कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने इस पर चर्चा की है। हमने कल शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन देखा और लोगों में काफी गुस्सा था। शेतकारी कामगार पक्ष ने भी अपना समर्थन देने की घोषणा की है। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ने भी समर्थन दिया है। कांग्रेस और वामपंथी पार्टियां भी हमारे साथ हैं। राउत ने इन घटनाक्रमों को चुनाव आयोग के खिलाफ एकजुट विपक्षी मोर्चा बनाने की तैयारी बताया। विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों की मीडिया कवरेज पर बात करते हुए, राउत ने कहा कि जिन मीडिया संस्थानों को अक्सर गोदी मीडिया कहा जाता है, वे भी सरकार विरोधी प्रदर्शनों को जगह दे रहे हैं, जो देश में बदलते राजनीतिक माहौल को दर्शाता है। राउत ने केंद्र सरकार और बीजेपी लीडरशिप में संभावित बदलावों के बारे में भी कई बातें कहीं और भविष्यवाणी की कि जनवरी तक बड़े राजनीतिक उलटफेर हो सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चाहता है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उप-प्रधानमंत्री बनें और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखता है।
तिरुपति में दवा की फैक्ट्री में बॉयलर फटा, 5 की मौत, 10 से ज्यादा घायल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुपति। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में शनिवार तडक़े बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। श्री सिटी स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) स्थित एक निजी फार्मास्युटिकल यूनिट में बॉयलर फटने से कम से कम पांच कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे में 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना सत्यवेडु मंडल में स्थित टिल हेल्थकेयर की फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में हुई। यह कंपनी टैबलेट बनाने का काम करती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त कर्मचारी नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाइट शिफ्ट के दौरान अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया। धमाके के बाद औद्योगिक इकाई के अंदर भीषण आग फैल गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट में पांच कर्मचारियों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने परिसर को सुरक्षित करने के साथ ही आग से प्रभावित और अंदर फंसे कर्मचारियों की मदद की।
आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल
राहुल गांधी की ईमानदारी व ‘वोट चोरी’ मुद्दे की तारीफ की
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। प्रियंका कक्कड़ लंबे समय से आप से जुड़ी थीं और 2013 में पार्टी में शामिल होने के बाद कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। 2023 में उन्हें आप का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाया गया था।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने आप छोडऩे की वजह बताते हुए पार्टी की शुरुआती नीतियों और बाद के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मोड़ पर पहुंच गई थीं, जहां अब उन बातों का बचाव करना संभव नहीं था, जिनका बचाव किया ही नहीं जा सकता।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि आप ने शुरुआत में जनता से बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में पार्टी के नेताओं के लिए अलग तरह की राजनीतिक संस्कृति दिखाई देने लगी। उन्होंने प्राइवेट ट्रैवल के लिए चॉपर इस्तेमाल किए जाने का भी जिक्र किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद कक्कड़ ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए उनके लचीलेपन और ईमानदारी का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ रहे हैं और उन्होंने जनता के सामने चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपने सवाल रखे हैं।
राहुल गांधी से मिले स्वामी प्रसाद
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के कांग्रेस में शामिल होने की खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक स्वामी प्रसाद मौर्य आज (शनिवार) को राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद, अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी अभी राष्ट्रीय स्तर पर एसी,एसटी और पूरे देश से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं और इन मुद्दों के लिए सक्रिय रूप से लड़ रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में इन्हीं मुद्दों पर काम कर रहा हूँ।



