नैनीताल में बाहरी बाइकों की एंट्री पर सख्ती, काठगोदाम तक ही जाने की अनुमति?
हनुमान अंश फिल्म के बाद नैनीताल स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बढ़ती भीड़ के चलते क्षेत्र में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: हनुमान अंश फिल्म के बाद नैनीताल स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बढ़ती भीड़ के चलते क्षेत्र में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
ऐसे में पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले दोपहिया वाहनों (बाइक और स्कूटी) को हल्द्वानी के काठगोदाम से आगे जाने की अनुमति नहीं देने की योजना बनाई जा रही है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम करना तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। इस व्यवस्था से पर्यटन सीजन के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह व्यवस्था प्रस्तावित है। इसे लागू करने को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नई गाइडलाइंस के तहत अब रेंटल दोपहिया वाहनों के संचालन को लेकर भी नियमों को सख्त कर दिया गया है. यदि कोई पर्यटक हल्द्वानी से टैक्सी बाइक या स्कूटी लेकर नैनीताल की ओर जाना चाहता है, तो उस वाहन का मालिक या उनके द्वारा नियुक्त आधिकारिक चालक साथ में होना अनिवार्य होगा. किसी भी बाहरी पर्यटक को खुद रेंटल बाइक चलाकर सीधे नैनीताल या कैंची धाम ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
258 चालान और 78 वाहन सीज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गुरुवार को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिले भर में बड़ा अभियान चलाया गया. कुल 258 वाहनों के चालान काटे गए और 78 वाहन सीज किए गए (जिनमें 72 मोटरसाइकिलें शामिल हैं). कार्रवाई के दौरान 5 ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट निरस्त किए गए और 47,000 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया. एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि यातायात पुलिस हल्द्वानी ने 9, भीमताल-भवाली-कैंची धाम पुलिस ने 9 और सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहनों को सीज किया.
गरमपानी क्षेत्र के भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोपड़ा के पास क्वारब चौकी पुलिस ने भी सघन चेकिंग अभियान चलाया. चौकी प्रभारी अरुण राणा के नेतृत्व में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों से 4,000 का जुर्माना वसूला गया, जबकि दो स्कूटी और एक टैक्सी बाइक को मौके पर सीज कर दिया गया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा.



