‘अंधेर नगरी चौपट राजा’, पंजाब में बिजली कटौती को लेकर सुनील जाखड़ का आप सरकार पर तीखा तंज

चंडीगढ़। पंजाब में तापमान बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से बिजली की मांग 10,500 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। वहीं, पंजाब राज्य बिजली बोर्ड (पीएसपीसीएल) ने 26 अप्रैल तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा, मोहाली और पटियाला जिलों में 8 से 10 घंटे तक बिजली शटडाउन करने की घोषणा की हैं।
पीएसपीसीएल का कहना हैं कि इन शहरों में बिजली सप्लाई सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने इस शटडाउन को लेकर पंजाब सरकार पर हमला किया हैं। उन्होंने कहा कि अंधेर नगरी चौपट राजा। जो काम पावर काम अब करे जा रहा है, उसे तो फरवरी या मार्च में भी किया जा सकता है।
जाखड़ ने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा, पावर काम दिन सस्ती सोलर एनर्जी उपभोक्ताओं को उपलब्ध नहीं करवा रही है। यह सबकुछ इसलिए क्योंकि पावर काम के पास चेयरमैन नहीं हैं जोकि फैसला ले सके। जाखड़ ने कहा, आम जन जीवन से लेकर व्यापार व उद्योग सभी बिजली की वजह से प्रभावित हैं और मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर हैं। आम आदमी पार्टी का यह शासन मॉडल है?
जाखड़ ने कहा कि पावर काम ने ऐसे समय में बिजली बंद करने का फैसला किया हैं जब मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि इस बार गर्मियों में बिजली सप्लाई की मांग का आंकड़ा 17500 मेगावाट तक पहुंचने की आशंका हैं।
इसीलिए पावरकाम इन शहरों में बिजली सप्लाई सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। इसी के मद्देजर यह बिजली कट लगाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान इन छह प्रमुख शहरों में ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड किया जाएगा।
साथ ही जरूरत के मुताबिक नई पावर सप्लाई लाइनें भी तैयार की जाएंगी। चार दिन बेशक उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी, लेकिन आगे गर्मियों में बिजली कट का सामना नहीं करना पड़ेगा।



