सेमीफाइनल की राह आसान करने उतरेगी टीम इंडिया

- पाकिस्तान को रौंदने के बाद नीदरलैंड से मुकाबला आज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लीड्स। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में भारत ने जीत तो दर्ज की, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह प्रभावी नहीं दिखी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और निचले क्रम में ऋ चा घोष ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को संभाला, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित योगदान नहीं दे सके। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और मध्यक्रम की बल्लेबाज भारती फुलमाली बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहीं। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला भारतीय बल्लेबाजों के लिए लय हासिल करने का अच्छा अवसर होगा।
पहले मैच में भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की जोड़ी ने मिलकर आठ विकेट झटके थे। हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में शुरुआती विकेट निकालकर अपनी छाप छोडऩा चाहेंगी।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की फील्डिंग शुरुआत में कुछ कमजोर रही थी। हालांकि बाद में खिलाडिय़ों ने कुछ अच्छे कैच लपके, लेकिन बड़े मुकाबलों से पहले टीम को इस विभाग में और सुधार करना होगा। भारत को ग्रूप चरण में आगे ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला तैयारियों को मजबूत करने का अवसर भी होगा।
बांग्लादेश से हारने के बाद दबाव में हैं नीदरलैंड
नीदरलैंड्स की टीम अपना पहला मैच बांग्लादेश से हारकर आ रही है। कप्तान बाबेट डी लीडे ने भी माना कि उनकी टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्होंने कहा, खेल के तीनों विभागों में हम वह प्रदर्शन नहीं कर पाए जिसकी उम्मीद थी। बल्लेबाजी में हम कुछ रन पीछे रह गए और फील्डिंग में भी हमने कुछ कैच छोड़े। हमें काफी कुछ सीखना और सुधारना होगा। भारत इस मुकाबले में जीत की प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन टीम की नजर सिर्फ दो अंक हासिल करने पर नहीं बल्कि बल्लेबाजी और फील्डिंग में कमियों को दूर करने पर भी होगी।



