इंडिगो फ्लाइट में आई तकनीकी गड़बड़ी, गोवा एयरपोर्ट पर कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
इंडिगो की फ्लाइट आज सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ी थी. थोड़ी देर बाद ही इसका एक इंजन फेल हो गया. इसके बाद विमान को वापस गोवा भेज दिया गया और मोपा एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: इंडिगो की फ्लाइट आज सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ी थी. थोड़ी देर बाद ही इसका एक इंजन फेल हो गया. इसके बाद विमान को वापस गोवा भेज दिया गया और मोपा एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट का इंजन खराब हो गया. सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट नंबर 6E 2102 मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ी थी. थोड़ी देर बाद ही एक इंजन में खराबी की सूचना मिली. इसके बाद विमान को वापस गोवा भेज दिया गया और मोपा एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. सभी यात्री सुरक्षित हैं.
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 9:30 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पूरा इमरजेंसी घोषित कर दिया. विमान सुबह 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित उतरा और स्टैंड 6 पर पार्क हो गया. एटीसी ने 10:03 बजे इमरजेंसी खत्म कर दी.
फ्लाइट सुबह 11:45 बजे पहुंचने वाली थी दिल्ली
सभी यात्री सुरक्षित उतर गए और उन्हें बोर्डिंग एरिया में बैठा दिया गया. फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के पास से लौट रहा था और हवाई अड्डे की तरफ मुड़ते समय करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर था.



