‘तेजस्‍वी जी, अपने समर्थकों को मर्यादा में रख‍िये…’; केंद्रीय मंत्री मांझी के बेटे ने दी चेतावनी

पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन विधायक ज्योति देवी के काफिले पर गया में हुए हमले के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है।
इस मामले को लेकर अब बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री मांझी के बाद उनके बेटे और बिहार सरकार में मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सीधे चेतावनी दी है।
मंत्री ने क‍िया तीखा पोस्‍ट
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘तेजस्वी जी, अपने समर्थकों को मर्यादा में रखिए। बिहार बदल चुका है। अब दलित समाज डरने वाला नहीं, अपने सम्मान की रक्षा करना जानता है।’
उन्होंने आगे कहा कि अगर जीतन राम मांझी के किसी कार्यकर्ता को डराने-धमकाने की कोशिश की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार में किसी एक खास जाति की दबंगई का दौर समाप्त हो चुका है और अब हर समाज बराबरी, सम्मान और अधिकार के साथ जीना चाहता है।
विधायक के काफ‍िले में हुआ था विवाद
दरअसल, रविवार को मोहनपुर प्रखंड के गंभीरा गांव जाते समय विधायक ज्योति देवी के काफिले के साथ विवाद हो गया था।
रास्ता देने को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते तनाव का रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने विधायक के बॉडीगार्ड के साथ हाथापाई की और जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं।
घटना के बाद विधायक की ओर से स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में मारपीट और जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी मोहनपुर थानेदार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई। मांझी ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

Related Articles

Back to top button