तेजस्वी ने बांका कांड पर सम्राट चौधरी से पूछा सवाल, चिराग ने कहा- ‘हमारे लिए शर्म की बात’
बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण और दुर्व्यवहार की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. जमुई, समस्तीपुर और बांका में हुए ताजा मामलों के बाद तेजस्वी यादव ने जमकर निशाना साधा है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण और दुर्व्यवहार की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. जमुई, समस्तीपुर और बांका में हुए ताजा मामलों के बाद तेजस्वी यादव ने जमकर निशाना साधा है.
बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण, अभद्र व्यवहार और मारपीट का एक के बाद एक वीडियो वायरल हो रहे हैं. जमुई, समस्तीपुर के बाद अब बांका के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना ने झकझोर कर रख दिया है. इस बीच बिहार में नेता विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर करारा हमला बोला है.
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था मरणसेज है. उन्होंने सवाल किया ‘जमुई कांड के शेष पांच आरोपियों का क्या हुआ? समस्तीपुर कांड के आरोपियों को क्या सजा मिली या समीकरण के आधार पर छूट? बांका के इन दरिंदों को कब पकड़ा जाएगा?’. साथ ही कहा, ‘क्या इनकी भी Reel और जाति देख ‘सातवीं फेल जाति विशेषज्ञ’ मुख्यमंत्री प्रतिक्रिया देंगे’.
वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अधिकारियों पर एक्शन की मांग की है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और एनकाउंटर से ये घटनाएं नहीं रूकेंगी. अधिकारियो पर एक्शन लिया जाना चाहिए, जिनकी नाक के नीचे ये सब हो रहा है. खुलेआम बदसलूकी करना गंभीरता का विषय है. एक भी घटना हमारे लिए डूब मरने की बात है. अधिकारी आंख मूंदकर रहते हैं.
‘ न्याय और सभ्य समाज की नींव खोखला कर रहे’
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स पोस्ट में नाबालिग लड़कियों के साथ हो रहे शोषण पर ये प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर कटाक्ष किया. तेजस्वी ने लिखा, ‘ कठपुतली मुख्यमंत्री अपने अनाड़ीपन, बड़बोलेपन, अपरिपक्वता और पुलिस कार्य प्रणाली में ग़ैर जरूरी हस्तक्षेप से न्याय और सभ्य समाज की नींव को प्रतिदिन खोखला कर रहे है.’
आजेडी नेता ने मुख्यमंत्री पर जाति देखकर सजा देने का आरोप लगाया. उन्होंने सवाल किया नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म और दुर्व्यवहार करने वाले दरिंदों की सामाजिक पृष्ठभूमि देख ही न्याय क्यों? तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपराधियों की जातीय पहचान देख न्याय और सजा की प्राथमिकता तय करने को लेकर जबाव देने की मांग की.
चिराग पासवान ने और क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगे कहा कि लड़कियों के साथ हो रही घटनाओं का सिलसिला बहुत चिंताजनक और सचमुच शर्मनाक है. हम निश्चित रूप से इन घटनाओं के लिए अपनी ज़िम्मेदारी से बच नहीं सकते. हम उचित कार्रवाई किए बिना इन्हें होने नहीं दे सकते.
उन्होंने आगे कहा कि जमुई की घटना के संबंध में स्थानीय सांसद अरुण भारती ने बहुत तत्परता से काम किया. न केवल गिरफ्तारियां हुईं, बल्कि मुठभेड़ भी हुई. इसी तरह, समस्तीपुर की घटना में भी तुरंत गिरफ्तारियां की गईं. हालांकि, मेरा मानना नहीं है कि केवल गिरफ्तारी या मुठभेड़ से ही ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी. उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए जिनकी नाक के नीचे ऐसी शर्मनाक हरकतें होती हैं. मेरे लिए यह बहुत चिंता का विषय है कि हमारी सरकार के सत्ता में रहते हुए अपराधी ऐसी हरकतें कर रहे हैं.
चिराग पासवान ने कहा कि उनका मनोबल इतना ऊंचा है कि वे दिन-दहाड़े ऐसी बदसलूकी करने की हिम्मत करते हैं. यह एक गंभीर मुद्दा है जिस पर हम सभी को चिंता होनी चाहिए. मुझे तो निश्चित रूप से चिंता है. मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री से चर्चा की है, और हमने स्पष्ट रूप से कहा है कि हमें ऐसे मामलों में ‘ज़ीरो-टॉलरेंस’ की नीति अपनानी चाहिए.
अगर हमारे कार्यकाल के दौरान बिहार में ऐसी एक भी घटना होती है, तो यह हमारे लिए बहुत शर्म की बात है. ऐसी स्थिति में, जब दोबारा ऐसी घटनाएं होती हैं, तो कार्रवाई केवल आरोपी तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए; उन अधिकारियों पर भी गाज गिरनी चाहिए जो आंखें मूंद लेते हैं और ऐसी हरकतें अपनी नाक के नीचे होने देते हैं. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा हो. अपने बच्चों को सुरक्षा का एहसास दिलाना हमारी ज़िम्मेदारी है, और हम उस लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं.
बिहार में नाबालिग छात्राओं के साथ तीन बड़ी घटना
बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ इन घटनाओं ने शर्मसार कर दिया है. पहलेजमुई के मड़वा पहाड़ी पर छात्रा से बदसलूकी करने वाला भयावह वीडियो आया. इस मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था. वहीं, अगले ही दिन समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम क्षेत्र में लड़की से छेड़खानी करने के मामले ने चौंका दिया.
पुलिस ने समस्तीपुर की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मनचलों को जेल भेजा है. वहीं अब, बांका से वीडियो सामने आने के बाद और हड़कंप मचा गया है. वायरल वीडियो में 3 से 4 युवक लड़की को घेरकर डरा-धमका रहे हैं. अब देखना यह होगा कि बांका पुलिस मंदार पर्वत पर गुंडागर्दी करने वाले इन सिरफिरे दबंगों को कब तक गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजती है.



